ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क में युवाओं को मिल रहा पैसा कमाने का मौका, इन 5 थीम पर बना सकते हैं रील
युवाओं द्वारा बनाई गई रील को ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क के सोशल मीडिया अकाउंट में भी अपलोड किया जाएगा.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 23, 2026 at 4:01 PM IST
|Updated : February 23, 2026 at 5:15 PM IST
कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के उपमंडल बंजार में फैले ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क में लोगों को पैसा कमाने का मौका मिल रहा है. ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क में अब अच्छी रील बनाने वाले मीडिया इनफ्लुएंसर को इनाम दिया जाएगा. इसके साथ ही उस रील को ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क के सोशल मीडिया अकाउंट में भी अपलोड किया जाएगा, ताकि उसके जरिए देश-विदेश से आने वाले सैलानियों को जानकारी मिल सके. साथ ही वे जान सकें कि अगर वह नेशनल पार्क घूमने आ रहे हैं, तो उन्हें किन-किन बातों का ध्यान रखना होगा, ताकि नेशनल पार्क के अंदर जैव विविधता, वन संरक्षण और वन्य जीव को भी किसी तरह की समस्या का सामना न करना पड़े. ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क द्वारा कुल्लू जिले के युवाओें के लिए ये कार्यक्रम शुरू किया गया है.
"देश विदेश से हर साल सैलानी ग्रेट हिमालय नेशनल पार्क घूमने के लिए आते हैं, लेकिन पार्क प्रबंधन के अंदर सैलानी को किन बातों का ध्यान रखना चाहिए, इसके बारे में उन्हें कई बार पूरी जानकारी नहीं मिल पाती है. ऐसे में कुल्लू जिले के युवाओं के लिए यह प्रोग्राम तैयार किया गया है. जो रील बनाकर उसे सोशल मीडिया में डाल सकेंगे." - संदीप शर्मा, कुल्लू वन मंडल के अरण्यपाल
पार्क द्वारा गठित कमेटी करेगी रील का चयन
कुल्लू वन मंडल के अरण्यपाल संदीप शर्मा ने बताया कि ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क प्रबंधन द्वारा इसके लिए एक कमेटी का भी गठन किया गया है. ऐसे में युवाओं द्वारा जो भी रील तैयार की जाती है, उसे पहले कमेटी द्वारा देखा जाता है. उसके बाद कमेटी तय करती है कि इस रील को ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क के सोशल मीडिया अकाउंट में डाला जाए या नहीं. अगर वह रील कमेटी द्वारा सिलेक्ट की जाती है तो रील बनाने वाले युवा को 2 हजार रुपए की इनामी राशि दी जाएगी, ताकि वो आगामी समय में और बेहतर तरीके से रील बनाने के लिए प्रेरित हो सके.

इस थीम पर रील बना सकते हैं युवा
ग्रेट हिमालय नेशनल पार्क द्वारा रील बनाने के लिए कुछ थीम बी तय की गई है. जिसमें वन संरक्षण, पर्यावरण, वन्य जीवों के बारे में जानकारी और स्वच्छता आदि प्रमुख है. युवाओं को इन सभी थीम की जानकारी मिल सके, इसके लिए भी वे पार्क प्रबंधन के अधिकारियों के साथ मुलाकात कर सकते हैं और रील बनाने के कंटेंट को लेकर भी जानकारी ले सकते हैं. ऐसे में बीते दिनों भी कुछ युवाओं द्वारा इन्हीं थीम को लेकर रील तैयार की गई और उसे नेशनल पार्क के सोशल मीडिया अकाउंट में भी अपलोड किया गया है.
"ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क के अंदर किन-किन बातों का ध्यान रखना चाहिए और किस तरह से वह एरिया को साफ सुथरा रख सके. इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण, वन्य प्राणी जीव के संरक्षण के बारे में भी सैलानियों को इन सभी रील के माध्यम से जानकारी मिल पाएगी." - संदीप शर्मा, कुल्लू वन मंडल के अरण्यपाल

