ETV Bharat / state

पहाड़ों के बीच अवैध तरीके से हो रही थी अफीम की खेती, मौके पर पहुंची पुलिस भी रह गई हैरान, नष्ट किए 4 लाख से ज्यादा पौधे

तलाशी के दौरान पुलिस को निजी भूमि पर लगभग 12 बीघा क्षेत्र में फैली अफीम की खेती का पता चला.

KULLU BANJAR OPIUM FARMING
बंजार में STF ने नष्ट किए अफीम के 4 लाख से ज्यादा पौधे (KULLU POLICE)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : May 20, 2026 at 7:21 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को बड़ी सफलता मिली है. जिला कुल्लू के बंजार उपमंडल के मशीयार गांव में पुलिस ने अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती का खुलासा किया है. पहाड़ों के बीच सीढ़ीनुमा खेतों में फैली अफीम की फसल को देखकर कार्रवाई के लिए पहुंची टीम भी हैरान रह गई. STF ने मौके पर करीब साढ़े चार लाख अफीम के पौधे बरामद कर नष्ट कर दिए हैं.

गुप्त सूचना के बाद शुरू हुआ तलाशी अभियान

जानकारी के अनुसार STF को बंजार क्षेत्र के बठाहड़ इलाके के मशीयार गांव में बड़े पैमाने पर अफीम की खेती किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही STF कुल्लू की दो विशेष टीमों का गठन किया गया और क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू किया गया. दुर्गम पहाड़ी रास्तों से गुजरते हुए टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां बड़े स्तर पर अवैध खेती होती मिली.

KULLU BANJAR OPIUM FARMING
बंजार में STF ने नष्ट किए अफीम के 4 लाख से ज्यादा पौधे (KULLU POLICE)

30 सीढ़ीनुमा खेतों में उगाए गए थे अफीम के पौधे

तलाशी के दौरान निजी भूमि पर लगभग 12 बीघा क्षेत्र में फैली अफीम की खेती का पता चला. यह खेती करीब 30 सीढ़ीनुमा खेतों में की गई थी. पुलिस के अनुसार यहां से कुल 4,32,522 अफीम के पौधे बरामद किए गए. इतनी बड़ी मात्रा में अफीम की खेती मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया. STF ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी पौधों को मौके पर ही नष्ट कर दिया. साथ ही अवैध खेती में शामिल लोगों के खिलाफ थाना बंजार में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

नशे के कारोबार पर लगातार कार्रवाई

STF के डीएसपी हेमराज ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में अवैध अफीम की खेती और नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाना है. उन्होंने कहा कि टीम लगातार ऐसे क्षेत्रों पर नजर रख रही है, जहां अवैध गतिविधियों की आशंका रहती है. डीएसपी के अनुसार STF कुल्लू अब तक करीब 37 बीघा निजी भूमि पर उगाए गए 10,58,985 अफीम के पौधे नष्ट कर चुकी है. इस संबंध में विभिन्न व्यक्तियों के खिलाफ 10 मामले भी दर्ज किए जा चुके हैं. आने वाले दिनों में भी यह अभियान जारी रहेगा.

बिलासपुर में चिट्टे के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

उधर, नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत STF की दूसरी टीम ने बिलासपुर में नाकाबंदी के दौरान एक कार की जांच की. तलाशी के दौरान वाहन से 5.73 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया. मामले में कुल्लू जिले के बजौरा क्षेत्र निवासी 35 वर्षीय संदीप कुमार को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच की जा रही है.

Accused arrested with Chitta in Bilaspur
बिलासपुर में चिट्टे के साथ आरोपी गिरफ्तार (BILASPUR POLICE)

युवाओं से पुलिस की अपील

पुलिस ने लोगों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि नशे या मादक पदार्थों से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें. सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी. पुलिस का कहना है कि समाज और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से ही नशे के नेटवर्क को खत्म किया जा सकता है.

ये भी पढ़ें: हिमाचल प्रदेश में आज बंद रहेगी मेडिकल शॉप, देशभर में केमिस्ट ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ करेंगे हड़ताल

ये भी पढ़ें: हिमाचल में मौसम का 'क्रेजी' यू-टर्न! 10 दिनोंं में विंटर से समर, 5°C से सीधे 35°C पार पहुंचा पारा, यहां समझिए क्या है माजरा?