कुल्लू में चलती कार पर गिरा पेड़, चार महिला शिक्षकों की मौत, दो टीचर और ड्राइवर घायल
हादसे के बाद सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. जहां चार महिला शिक्षकों ने दम तोड़ दिया.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : May 2, 2026 at 8:12 PM IST
कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के आनी उपमंडल में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. शमशेर के पास चलती कार पर अचानक एक बड़ा पेड़ गिर गया, जिससे कार गहरी खाई में जा गिरी. इस हादसे में कार सवार चार महिला शिक्षकों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में दो शिक्षिका और ड्राइवर शामिल है. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है.
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, कार में सवार सात लोग आनी की ओर जा रहे थे. इसी दौरान शमशेर के पास तेज तूफान और खराब मौसम के चलते पहाड़ी से एक विशाल पेड़ टूटकर सीधे चलती कार पर गिर गया. पेड़ गिरने से कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी. हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. स्थानीय लोगों ने मिलकर कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से आनी अस्पताल पहुंचाया. लेकिन इलाज के दौरान चार शिक्षिकाओं ने दम तोड़ दिया.
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान सीमा देवी (रोपड़ी), बंती देवी (लामी सेरी), उषा (तराला) और स्नेहलता (पारली धार) के रूप में हुई है. वहीं घायलों में वाहन चालक सुरेश चंद, तारा देवी (रोपड़ी) और रीना कुमारी (कठेहड़, मंडी) शामिल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.
जांच में जुटी पुलिस
एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया, 'पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. इसके बाद उन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा. हादसे के कारणों की भी गहन जांच की जा रही है'.
CM सुक्खू ने जताया शोक
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की. साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है. मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता दी जाए और घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए. प्रशासन भी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
जयराम ठाकुर ने जताया दुख
वहीं, इस हादसे को लेकर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी शोक व्यक्त किया है. जयराम ठाकुर ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, 'आनी के शमशर-गुगरा मार्ग पर हुए भीषण हादसे में 4 महिला शिक्षिकाओं के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है. शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं. ईश्वर पुण्यात्माओं को शांति प्रदान करें. हादसे में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं'
ये भी पढ़ें: हिमाचल बोर्ड 4 मई को घोषित करेगा 12वीं का रिजल्ट, यहां ऑनलाइन देख सकेंगे परिणाम
ये भी पढ़ें: एमपी क्रूज हादसे के बाद हिमाचल में अलर्ट, जल गतिविधियों के लिए प्रशासन ने जारी किए सख्त निर्देश

