बलौदाबाजार में कुलदीप शर्मा ने नए कलेक्टर के रूप में किया पदभार ग्रहण, पहली बैठक में ही मांगी कई विभागों से रिपोर्ट
पहली ही बैठक में पीएम आवास, धान उठाव और राजस्व प्रकरणों पर कुलदीप शर्मा ने विस्तृत रिपोर्ट मांगी है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 28, 2026 at 5:31 PM IST
बलौदाबाजार: जिले में नया प्रशासनिक नेतृत्व आया है. 2014 बैच के आईएएस अधिकारी कुलदीप शर्मा ने शनिवार को संयुक्त जिला कार्यालय में कलेक्टर का पदभार ग्रहण किया. पदभार ग्रहण समारोह सादगी और गरिमा के साथ हुआ. वरिष्ठ अधिकारियों ने गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया. इसके बाद नए कलेक्टर ने अधिकारियों से परिचय लिया और सीधे कामकाज की समीक्षा शुरू कर दी.
अनुभव के साथ नई जिम्मेदारी
कुलदीप शर्मा बालोद और कोरिया जिले के कलेक्टर रह चुके हैं. इसके साथ ही रजिस्ट्रार सहकारी संस्थाएं की भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं. उन्होंने कहा कि प्रशासनिक काम में गति, पारदर्शिता और जवाबदेही उनकी प्राथमिकता होगी.

पहली समीक्षा बैठक में सख्त रुख
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अधूरे और पूर्ण आवासों की प्रगति देखी. धान खरीदी और उठाव की स्थिति पर विस्तृत जानकारी मांगी. राजस्व मामलों के समय पर निपटान का निर्देश दिया. कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि आम नागरिकों को बार-बार दफ्तरों में चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे.
टीम भावना पर जोर
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विभागीय तालमेल और टीम भावना जरूरी है. लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. हर अधिकारी को अपने काम में ईमानदारी से जिम्मेदारी निभानी होगी. कलेक्टर कुलदीप शर्मा शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों की योजनाओं पर ध्यान देंगे. आने वाले दिनों में अलग-अलग विभागों की समीक्षा बैठकें और फील्ड विजिट की योजना है.
प्रशासनिक हलकों में नई ऊर्जा
नए कलेक्टर के पदभार ग्रहण से प्रशासनिक हलकों में नई ऊर्जा महसूस की जा रही है. अधिकारी उनके नेतृत्व में कार्यों की गति बढ़ने की उम्मीद कर रहे हैं.
जनता की अपेक्षाएं
राजस्व मामलों का त्वरित निपटान, किसानों की समस्याओं का समाधान, अधूरी योजनाओं को पूरा करना और शहरी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं में सुधार जैसी जरूरतों के पूरा होने की उम्मीद है.

