फरीदाबाद पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, बोले- "राम मंदिर मामले में दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई"
राम मंदिर मामले पर कृष्णपाल गुर्जर ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा जताया. साथ ही कांग्रेस पर आस्था कमजोर करने का आरोप लगाया.

Published : July 2, 2026 at 12:30 PM IST
फरीदाबाद: फरीदाबाद दौरे पर आए केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने अयोध्या राम मंदिर में चंदा चोरी के मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि, "यदि मंदिर में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी हुई है तो इसकी निष्पक्ष जांच होगी और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. राम मंदिर में जो भी गलत हुआ है, वह बिल्कुल गलत है. इस मामले में शामिल किसी भी आरोपी को किसी भी सूरत में नहीं छोड़ा जाएगा. कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी."
कांग्रेस पर साधा राजनीतिक निशाना: इस दौरान कृष्णपाल गुर्जर ने इस मुद्दे पर कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोलते हुए कहा कि, "कांग्रेस केवल भगवान राम और राम मंदिर के प्रति लोगों की आस्था को कमजोर करना चाहती है. उसे न कानून पर भरोसा है, न अदालत पर और न ही जनता पर. सत्ता के लिए कांग्रेस कुछ भी कर सकती है, लेकिन उसके प्रयासों से लोगों की राम मंदिर के प्रति आस्था और अधिक मजबूत होगी."
कानून व्यवस्था पर सरकार का दावा: केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि, "वर्तमान सरकार अपराध और भ्रष्टाचार के मामलों में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरत रही है. कांग्रेस के शासनकाल में अपराधियों को बचाने और अपराधों को छिपाने का काम किया जाता था, जबकि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार अपराधियों को पकड़कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है."
विकास परियोजनाओं का भी किया उल्लेख: कृष्णपाल गुर्जर बुधवार को फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत कर रहे थे. इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ऑनलाइन माध्यम से 114 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया. गुर्जर ने कहा कि, "प्रदेश में विकास कार्य लगातार गति पकड़ रहे हैं और फरीदाबाद को भी नई सौगातें मिली हैं. अस्पतालों सहित बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है, जिससे लोगों को पहले से अधिक सुविधाएं मिलेंगी."

