Kotputli Road Accident : बस और पिकअप की टक्कर, 7 गंभीर यात्री जयपुर रेफर
कोटपूतली में प्राइवेट बस और पिकअप की टक्कर. कई सवारियां हुईं घायल. हालत गंभीर होने पर जयपुर किया रेफर. जानिए पूरा मामला...

Published : August 26, 2026 at 3:32 PM IST
कोटपूतली: अलवर-विराटनगर हाईवे NH-248A पर विराटनगर किले के पास बुधवार को निजी बस और पिकअप की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई. दुर्घटना में बस और पिकअप में सवार 7 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए.
पुलिस के अनुसार लोक परिवहन बस अलवर से विराटनगर की ओर आ रही थी, जबकि पिकअप विराटनगर से अलवर की तरफ जा रही थी. विराटनगर किले के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद की.
पढ़ें : Nagaur Road Accident : डंपर और कार में आमने-सामने की भिड़ंत, पति-पत्नी समेत 3 की मौत
सूचना पर पहुंची एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को विराटनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. यहां चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया. घायलों की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए जयपुर रेफर कर दिया. जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार ने बताया कि हादसे में 7 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं. पुलिस ने मौके पर पहुंच कर क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और हाईवे पर यातायात व्यवस्था को सुचारू करवाया.
फिलहाल, विराटनगर थाना पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और आमने-सामने की भिड़ंत की वजह क्या रही. हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा.

