चुनाव से पहले कोटपूतली में फर्जी करेंसी का भंडाफोड़, 500 रुपए के 435 जाली नोट जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
आरोपियों की ओर से पिछले दो दिनों में कोटपूतली बाजार में जाली नोट चलाकर प्राप्त की गई असली करेंसी भी जब्त की गई.

Published : August 24, 2026 at 10:36 AM IST
कोटपूतली : पुलिस ने जाली नोटों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 500-500 रुपए के 435 जाली नोट बरामद किए हैं. पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से जाली नोटों को बाजार में चलाकर हासिल की गई ₹74,440 की असली करेंसी भी बरामद की गई है.
जिला पुलिस अधीक्षक कोटपूतली-बहरोड सतवीर सिंह के निर्देश पर आगामी निकाय एवं पंचायती राज चुनावों को देखते हुए गश्त एवं निगरानी बढ़ाने और अवांछनीय गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नाजिम अली एवं वृताधिकारी कोटपूतली मदनलाल जैफ के सुपरविजन में थानाधिकारी कृष्ण कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 23 अगस्त को दो संदिग्धों को डिटेन कर उनकी तलाशी ली.
पढ़ें. आचार संहिता के दौरान 4.30 लाख के जाली नोट के साथ 4 गिरफ्तार, चुनाव में खपाने की थी तैयारी
जिला पुलिस अधीक्षक कोटपूतली-बहरोड सतवीर सिंह के अनुसार तलाशी में 500 रुपए के 435 जाली नोट मिले, जिनकी कुल अंकित कीमत ₹2,17,500 है. कार्रवाई के दौरान ₹67,500 के जाली नोट जब्त किए गए हैं. इसके अलावा आरोपियों की ओर से पिछले दो दिनों में कोटपूतली बाजार में जाली नोट चलाकर प्राप्त की गई असली करेंसी भी जब्त की गई. पुलिस के अनुसार आरोपी निशीकान्त गुप्ता (40) निवासी बहरोड सदर और राहुल सैनी (22) निवासी बहरोड सदर को गिरफ्तार किया गया है. दोनों से जाली नोट तैयार करने वाले और उन्हें सप्लाई करने वालों के संबंध में पूछताछ और अनुसंधान जारी है.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ₹40,000 की असली करेंसी देकर ₹4 लाख की जाली करेंसी प्राप्त करते थे. पुलिस अब जाली नोटों के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कोटपूतली में प्रकरण दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है. कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी कृष्ण कुमार सहित पुलिस थाना कोटपूतली के अधिकारी एवं जवान शामिल रहे.

