ड्राइवर दूसरे रास्ते ले जाने लगा ट्रक तो मालिक को हुआ शक, भरा था ढाई करोड़ का तांबा, तीन गिरफ्तार
ट्रक में लगा था जीपीएस, चालक ने बंद कर दिया फोन. कोटपूतली पुलिस ने किया चोरी का खुलासा.

Published : January 6, 2026 at 2:06 PM IST
कोटपूतली: कोटपूतली पुलिस ने ढाई करोड़ रुपए के कॉपर चोरी मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने चोरी हुआ ट्रक भी बरामद कर लिया. पुलिस आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी.
कोटपूतली-बहरोड़ के पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार ने बताया कि 4 जनवरी को राजेश कुमार ने परिवाद दिया. परिवाद में राजेश ने बताया कि उसका ट्रक गुजरात के मेहसाणा से कॉपर भरकर भिवाड़ी जा रहा था. चालक अनिल ट्रक को शाहजहांपुर टोल के बजाय दूसरे रास्ते से ले जाने लगा. ट्रक में जीपीएस होने के कारण लोकेशन क्रॉस हुई तो राजेश ने ड्राइवर को फोन किया. ड्राइवर का फोन बंद मिला. इस पर राजेश ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी हुए कॉपर से भरे ट्रक को महज 10 घंटे में बरामद कर लिया.
पढ़ें:शातिर गैंग ने कबूली चोरी की वारदातें, दो कार बरामद, एक कार कबाड़ में बेच डाली
एसपी ने कहा कि पुलिस ने इस सिलसिले में आरोपी साजिद अली निवासी वेलकम सीलमपुर दिल्ली, रिंकू बागड़ी निवासी रंगला, थाना मेवात नुहं, मिंटू गुर्जर निवासी बोरखेड़ा, भिवाड़ी को मंगलवार को गिरफ्तार किया. चोरी हुए ट्रक में कॉपर की कीमत 2 करोड़ 58 लाख रुपए है. पुलिस आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी. इनसे पूछताछ में पता चलेगा चोरी का माल किसे बेचना था. एसपी देवेंद्र कुमार ने बताया कि ऐसे मामलों में जनता पुलिस का सहयोग करें तो अपराध पर अंकुश लग सकता है.
पढ़ें: इंद्रगढ़ में 15 लाख की चोरी का खुलासा, परिवार का चालक ही निकला मास्टरमाइंड, तीन गिरफ्तार

