ETV Bharat / state

राजस्थान में चार लाख रोजगार बढ़ा सकता है पर्यटन व्यवसाय, अभी 13 फीसदी अर्थव्यवस्था पर्यटन पर आधारित

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कोटा ट्रैवल मार्ट आयोजित हुआ. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने चंबल रिवर फ्रंट के शौर्य घाट पर किया.

Kota Travel Mart 2026
कोटा ट्रैवल मार्ट का उद्धाटन करते ओम बिरला (ETV Bharat Kota)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 3, 2026 at 8:08 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

कोटा: राजस्थान अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक धरोहर के बल पर पर्यटन के क्षेत्र में एक नया आयाम गढ़ने जा रहा है. वर्तमान में प्रदेश की 13% अर्थव्यवस्था पर्यटन पर निर्भर है, लेकिन इस क्षेत्र में और भी अपार संभावनाएं छिपी हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इस क्षेत्र पर सही दिशा में कार्य किया जाए, तो अकेले पर्यटन उद्योग राजस्थान में 4 लाख नए रोजगार सृजित कर सकता है. इसी संबंध में हाड़ौती संभाग के कोटा में एक भव्य 'कोटा ट्रैवल मार्ट' का आयोजन किया गया. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने चंबल रिवरफ्रंट के शौर्य घाट पर इसका उद्घाटन किया. यह 4 जनवरी तक चलेगा, जिसमें अलग-अलग आयोजन होंगे. यह आयोजन कोटा, बूंदी, झालावाड़ और बारां के जल-जंगल सफारी, ऐतिहासिक किलों, बावड़ियों और शैलचित्रों को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर पहचान दिलाने का एक प्रयास है. देश भर से आए 250 से अधिक टूर ऑपरेटर और होटल व्यवसायी यहां इस क्षेत्र की पर्यटन क्षमता को नए सिरे से खोज रहे हैं, जो राजस्थान की अर्थव्यवस्था के लिए एक सुनहरे भविष्य का संकेत देता है.

इस मौके पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि देश के अलग-अलग राज्यों से पर्यटन और टूर एवं ट्रैवल का काम करने वाले लोग कोटा आए हैं. इसके अलावा होटल व्यवसायी भी यहां पर आए हैं. कोटा संभाग के पर्यटन सर्किट को देश और दुनिया के अंदर पहुंचाने का काम यही करेंगे. कोटा, बूंदी, बारां व झालावाड़ के जल व जंगल सफारी सहित सभी टूरिस्ट प्लेस को इन्हें पहले से अवगत कराया जा रहा है. देश और दुनिया में अद्भुत किले व बावड़ी यहां हैं. शैलचित्र, संस्कृति व विरासत देसी-विदेशी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बन सकते हैं. यहां का चंबल रिवरफ्रंट भी देश और दुनिया का बेहतरीन है.

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला (वीडियो ईटीवी भारत कोटा)

पढ़ें: कल से शुरू होगा कोटा हाड़ौती ट्रैवल मार्ट: 500 टूर ऑपरेटर होंगे शामिल, पर्यटन स्थलों का भी करेंगे भ्रमण

बिरला ने कहा,' नए वर्ष में नए संकल्प के साथ हम जहां पर्यटन सर्किट को विकसित करने का काम कर रहे हैं, यह इंडस्ट्री सेक्टर को नई ऊर्जा देगा. वहीं हमारा एजुकेशन हब 'कोटा' के नाम से देश में फेमस है. उसमें और एजुकेशन के अंदर आईटी से लेकर एआई और तमाम टेक्नोलॉजी की सुविधा यहां देंगे. इस कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, विधायक संदीप शर्मा और कल्पना देवी भी मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें: नए साल से पर्यटक मुफ्त में नहीं देख पाएंगे पर्यटन स्थल, जानिए कितना देना होगा टिकट शुल्क

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के संरक्षक सुरेंद्र सिंह शाहपुरा ने कहा कि राजस्थान में टूरिज्म बढ़ाने के काफी चांस हैं. वर्तमान में राजस्थान में पर्यटन से अर्थव्यवस्था में भागीदारी 13 फीसदी के आसपास है. देश में सबसे ज्यादा विरासत राजस्थान में ही है, जिसका काफी उपयोग पर्यटन बढ़ाने में किया जा सकता है. लाखों लोग वर्तमान में रोजगार ले रहे हैं. यदि टूरिज्म बढ़ता है तो 4 लाख से ज्यादा नए रोजगार सृजित हो सकते हैं, जिससे हर व्यक्ति को काम मिल सकता है.

यह भी पढ़ें: लोकसभा स्पीकर ओम बिरला बोले, 'साल 2026 में कोटा को बनाएंगे स्लम और नशा फ्री, काम शुरू

राजस्थान में पर्यटन क्षेत्र में बढ़ रहा निवेश: सचिव रणविजय सिंह ने कहा कि राजस्थान सरकार पर्यटन को बढ़ाने में काफी मदद कर रही है. राजस्थान सरकार ने अपने शुरुआती समय में ही 'राइजिंग राजस्थान' आयोजित किया था. उसके बाद प्रवासी राजस्थानियों के साथ कार्यक्रम आयोजित किए हैं. यह सब निवेश बढ़ाने के लिए है और यह निवेश राजस्थान में पर्यटन क्षेत्र में भी बढ़ रहा है. होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बताया कि 150 से ज्यादा लोक कलाकारों ने प्रस्तुति दी है. शामिल होने के लिए 250 से ज्यादा टूर ऑपरेटर्स पहुंचे हैं. सभी ने जल, जंगल और ऐतिहासिक व सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण कोटा के टूरिस्ट प्लेस के संबंध में जानकारी ली है. होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान की तरफ से ही इस पूरे आयोजन में टूर ऑपरेटर्स के लिए सभी व्यवस्था की गई है. इसके अलावा मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व के लिए कैंटर भी लॉन्च की गई है. इसके साथ आतिशबाजी भी की गई.