कोटा में IPL की तर्ज पर 22 फरवरी से KPL, रणजी व IPL प्लेयर होंगे शामिल
एक मार्च तक लीग आधार पर होने वाली कोटा प्रीमियर लीग की तैयारी जारी है. आठ टीमें भाग लेंगी. केपीएल का सीधा प्रसारण किया जाएगा.

Published : February 21, 2026 at 2:41 PM IST
कोटा: जिला क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की तर्ज पर यहां 22 फरवरी से कोटा प्रीमियर लीग (KPL 2026) कराई जाएगी. 1 मार्च तक होने वाली केपीएल में 8 टीमें भाग लेंगी और इसका सीधा प्रसारण किया जाएगा. टीम में रणजी और आईपीएल प्लेयर भी खेलेंगे.ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के ओएसडी राजीव दत्ता उद्घाटन करेंगे.
कोटा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज शर्मा ने बताया कि सारे मुकाबले कोटा के जेके पवेलियन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे. एक दिन में दो मैच होंगे. इसके लिए दो बड़ी स्क्रीन भी लगाई जा रही है. शर्मा ने कहा कि प्रतियोगिता के बीच में उत्साह बढ़ाने को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों को बुलाना चाह रहे हैं. टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और हरभजन सिंह से बात चल रही है. समापन समारोह के दिन जाने-माने कलाकार रंगारंग प्रस्तुति देंगे. मैच के दौरान चीयर लीडर्स मौजूद रहेगी.
पढ़ें:इंडियन पैरा क्रिकेट लीग में कोटा के दिव्यांग क्रिकेटर नरेंद्र शर्मा और दीपेंद्र यादव का चयन
डीसीए सचिव सत्यप्रकाश शर्मा बालिता ने बताया कि प्रतियोगिता लीग आधार पर खेली जाएगी. इसमें कोटला रॉयल्स दिल्ली, इनविक्सो इंडियंस नोयडा, वीटीसीए नागपुर, जीआर जयपुर, बाउण्ड्री ब्रेकर्स अजमेर, डब्ल्यूसीआर जबलपुर, कोटा डीसीए और राजस्थान यूनाइटेड टीमें हैं. कोषाध्यक्ष सुरेश आनंद नीटू ने कहा कि सभी मैच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मापदंडों पर खेले जाएंगे. टूर्नामेंट में 15 मैच होंगे. सभी टीमों का मुकाबला रोमांचक होने जा रहा है.
स्टेडियम का होगा कायाकल्प: मनोज शर्मा का कहना है कि कोटा विकास प्राधिकरण में इसकी डिजाइन और ड्राइंग तैयार कर ली. जल्द केडीए टेंडर जारी करेगा. उसके बाद स्टेडियम पूरी तरह बदल जाएगा. यहां 15 से 20 हजार दर्शक क्षमता हो जाएगी. 100 करोड़ रुपए से स्टेडियम तैयार हो रहा है. रणजी व आईपीएल के साथ अंतरराष्ट्रीय मुकाबले भी किए जाएंगे.
पढ़ें:लेकसिटी में आएंगे क्रिकेटर भुवनेश्वर कुमार, रवि बिश्नोई, शुभम गड़वाल
विजेता को 11 लाख: डीसीए मेंबर रितेश चित्तौड़ा ने बताया कि केपीएल 2026 के विजेता टीम को 11 लाख एवं उपविजेता को 5 लाख रुपए पुरस्कार दिया जाएगा. साथ ही मैन ऑफ द सीरीज को 51 हजार व मैच में मैन ऑफ द मैच को 5100 रुपए दिए जाएंगे. श्रेष्ठ बल्लेबाज, गेंदबाज, फील्डर, विकेटकीपर व प्रतियोगिता के उभरते खिलाड़ी को 11 हजार रुपए दिए जाएंगे. डीसीए मेंबर शैलेंद्र ऋषि ने बताया कि केपीएल 2026 को सफल बनाने लिए कोटा विकास प्राधिकरण व अन्य विभाग पूरा सहयोग कर रहे हैं. प्रैक्टिस पिच भी तैयार किए गए.
पढ़ें: अंडर-23 कर्नल सी.के. नायडू ट्रॉफी के लिए भरतपुर के अव्यांश सिंह का राजस्थान टीम में चयन

