लग्जरी गाड़ी से करते थे नशे की तस्करी, शक न हो इसलिए रखता था महिला को साथ, दो गिरफ्तार
आरोपी रामस्वरूप उर्फ राजू के खिलाफ पहले से आठ मामले अलग-अलग थानों में दर्ज हैं.

Published : January 6, 2026 at 5:15 PM IST
कोटाः उद्योग नगर थाना पुलिस ने नशा तस्करी और बेचने के मामले में मंगलवार को कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों में एक महिला शामिल है. आरोपी लग्जरी वाहन से तस्करी कर रहे थे. उनके पास से 9.75 लाख रुपए भी पुलिस ने बरामद की है. यह राशि नशे का माल बेचने से इन्हें मिली थी.
उद्योग नगर थाना अधिकारी जितेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि किशोरपुरा निवासी 52 वर्षीय रामस्वरूप उर्फ राजू उर्फ बाबा और कोटडी गोवर्धनपुरा निवासी 45 वर्षीय राधाबाई को एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने बताया कि उम्मेदगंज के नजदीक फोरलेन की स्लिप लेन पर एक लग्जरी कार आ रही थी. इसी दौरान पुलिस को देखकर अचानक ब्रेक लगाया और घूम कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस जीप से टीम तुरंत पीछा कर इस गाड़ी को रोक लिया गया. पुलिस ने शक होने पर गाड़ी की जांच की.
पढ़ेंः नशे की तस्करी पर एक्शन: 15 लाख रुपए का मादक पदार्थ जब्त, नाइजीरियन नागरिक सहित पांच दबोचे
स्मैक और नकदी मिलीः पुलिस की तलाशी के दौरान लाखों रुपए की 72.47 ग्राम स्मैक और 9.75 लाख नकद मिले थे. इसके अलावा एक धारदार चाकू भी गाड़ी में बरामद हुआ था. इनके संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं देने पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया. दोनों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. मामले की जांच विज्ञान नगर थाना अधिकारी मुकेश मीणा कर रहे हैं. आरोपी रामस्वरूप उर्फ राजू के खिलाफ पहले से आठ मामले अलग-अलग थानों में दर्ज हैं. इनमें आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस, मारपीट, और जुए सट्टे के मामले शामिल हैं.
लग्जरी गाड़ी और महिला को रखता था साथः उद्योग नगर थाना अधिकारी जितेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि किसी को शक नहीं हो, इसीलिए आरोपी महिला को साथ में रखता था. वह भी तस्करी में और नशा बेचने में शामिल रहती है. आरोपी राजू ने राधाबाई को अपने मुंह बोली बहन बना रखा है. आरोपी लग्जरी गाड़ी भी इसलिए रखते हैं कि ताकि किसी को शक नहीं हो और नशे की तस्करी और बेचने का काम भी आसानी से हो जाए.

