घर में घुसकर युवती व पिता से मारपीट, भाजपा नेता प्रभात कश्यप और साला प्रिंस गिरफ्तार
भाजपा नेता और उसके साले ने घर में घुसकर युवती व उसके पिता के साथ अभद्रता और मारपीट की. युवती की शिकायत पर मुकदमा दर्ज.

Published : March 3, 2026 at 6:38 PM IST
कोटा: शहर के उद्योग नगर थाना इलाके में घर में घुसकर युवती व उसके पिता के साथ अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है. इस मामले में युवती की शिकायत पर मुकदमा उद्योग नगर थाना पुलिस ने दर्ज कर लिया है. दूसरी तरफ पुलिस ने भाजपा नेता प्रभात कश्यप और उसके साले प्रिंस को हिरासत में लिया था. बाद में उन्हें शांति भंग की धाराओं में गिरफ्तार कर लिया है. जल्द ही उन्हें मुकदमे में भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
इस प्रकरण में उद्योग नगर थाना अधिकारी जितेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि शिवसागर निवासी एक युवती ने शिकायत दी थी, जिसमें बताया था कि कश्यप ने सोमवार रात 11:00 के आसपास उनके घर में प्रवेश कर वाहनों में तोड़फोड़ कर दी थी. इसके साथ ही लाठी-डंडे के साथ मारपीट की गई है. इस मामले में युवती और उसके पिता को चोट लग गई है. इसके साथ ही पीड़िता ने यह भी बताया है कि आरोपी प्रिंस कश्यप पहले भी रास्ता रोककर अभद्रता कर चुका है. जिसके बाद तत्काल उसे हिरासत में ले लिया गया था.
फरियादी बनकर पहुंचा थाने : असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर गिर्राज मीणा ने बताया कि प्रभात कश्यप व साले प्रिंस ने एक युवती के साथ अभद्रता की थी और उसके पिता के साथ भी मारपीट की है. इस संबंध में उच्च अधिकारियों को सूचना दी थी. एएसआई गिरिराज मीणा ने बताया कि घटनाक्रम के बाद प्रभात कश्यप भी थाने पर पहुंच गया और फरियादी बनकर जान से मारने का आरोप लगने लगा.
यहां तक कि उसने यह भी कहा कि मेरे ऊपर फायरिंग की गई है और कपड़े खोलने की कोशिश की गई. हालांकि, जब उससे फायरिंग के संबंध में ज्यादा पूछताछ की गई तब उसने मना कर दिया और कहा कि मुझे कोई शिकायत नहीं देनी है. बाद में सोशल मीडिया के जरिए लाइव आकर पुलिस के उच्च अधिकारियों से मदद की गुहार लगाने लगा. इसके बाद उसे हिरासत में लेना पड़ा. उसके साथ ही उसके साले प्रिंस को भी हिरासत में लिया गया.

