बारिश से पहले रहवासियों में जल भराव का डर, प्रशासन का दावा नहीं भरेगा पानी, लेकिन हकीकत क्या ?
भिलाई के कोसा नाला इलाके में बारिश से पहले जल भराव नहीं होने का एक बार फिर दावा किया जा रहा है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : June 8, 2026 at 4:24 PM IST
भिलाई : छत्तीसगढ़ में गर्मी के बीच लोगों को मानसून का इंतजार है.लेकिन भिलाई के कोसा नगर के निवासी हर साल मानसून का स्वागत नहीं बल्कि जल्दी जाने का इंतजार करते हैं.आप सोच रहे होंगे कि आखिर क्यों मानसून को भगाने के लिए कोसा नगर के निवासी हमेशा प्रार्थना करते है. ऐसा इसलिए क्योंकि मानसून के आते ही कोसा नगर ही नहीं बल्कि पॉश इलाकों की कॉलोनियों में नाले का गंदा पानी भर जाता है. सड़क तालाब बन जाती है और घरों में रखा हुआ सामान बर्बाद होने लगता है.
एक बार फिर कोसा नाला बढ़ाएगा सिरदर्द
मानसून की दस्तक से पहले एक बार फिर भिलाई के कोसानाला इलाके में चिंता उठी है. हर साल की तरह इस बार भी लोगों के मन में वही सवाल है. कि क्या बारिश आते ही फिर घरों में पानी घुसेगा और सड़कें तालाब में तब्दील हो जाएंगी? नगर निगम बड़े-बड़े दावे कर रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत अब भी लोगों को आश्वस्त नहीं कर पा रही है.


मामूली बारिश में ही बढ़ जाती है परेशानी
दुर्ग जिले में मामूली बारिश भी कई इलाकों के लिए मुसीबत बन जाती है. खासकर कोसानाला से लगे कोसा बस्ती, पोस्ट कॉलोनी, राधिका नगर, दीक्षित कॉलोनी और आसपास के निचले क्षेत्रों में हर साल जलभराव की गंभीर समस्या सामने आती है. पिछले साल भारी बारिश के दौरान हालात इतने खराब हो गए थे कि हजारों घरों में पानी घुस गया था. गलियों में कमर तक पानी भर गया था, जिससे लोगों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया था.

घर में रखा सामान हुआ था बर्बाद
घरों में रखे पलंग, गद्दे, कपड़े और घरेलू सामान पानी में खराब हो गए थे. वहीं स्थानीय निवासी ममता ने बताया कि बारिश के दौरान घरों के दरवाजों तक पानी पहुंच जाता है.

पीने के पानी भरने की जगह भी जलमग्न हो जाती है. बच्चे स्कूल नहीं जा पाते और मजदूरी करने वाले लोग काम पर नहीं पहुंच पाते.करोड़ों रुपए सफाई के नाम पर खर्च किए जाते हैं, लेकिन नालों की वास्तविक सफाई नहीं होने से हर साल लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है- ममता,स्थानीय निवासी

बारिश के समय घुटनों तक गंदा पानी भरा रहता है. नाले का पानी घरों के भीतर घुस जाता है, जिससे बीमारी फैलने का खतरा भी बढ़ जाता है. लोगों की मांग है कि बारिश शुरू होने से पहले नालों की सफाई और मरम्मत का काम पूरी तरह पूरा किया जाए- संगीता, स्थानीय निवासी
प्रशासन का दावा तैयारी है पूरी
वार्ड पार्षद संदीप निरंकारी का कहना है कि पिछली बार की स्थिति को देखते हुए सभी जरूरी सुझाव निगम प्रशासन को दिए गए हैं.कोसानाला की सफाई के लिए चैन माउंटिंग मशीन लगाकर लगातार काम किया जा रहा है.वहीं निगम आयुक्त राजीव पांडेय का दावा है कि कोसानाला और तेलहा नाले की सफाई युद्धस्तर पर जारी है.
15 जून से पहले काम पूरा कर लिया जाएगा.उनका कहना है कि पिछली बार जलभराव की बड़ी वजह बीएसपी टाउनशिप से आई जलकुंभी थी, जिसे इस बार पहले ही हटाया जा रहा है - राजीव पाण्डेय, आयुक्त भिलाई निगम
आपको बता दें कि हर साल बारिश से पहले प्रशासन बड़े-बड़े दावे करता है.हमेशा इस बात का भरोसा दिलाया जाता है कि इलाके में जल भराव जैसी स्थिति नहीं बनेगी.लेकिन जब बारिश होती है तो कोसा नाला का इलाका एक बड़े तालाब में तब्दील हो जाता है. कॉलोनियों की सकरी गलियों में नाव के सहारे लोग आना जाना करते हैं.ऐसे में एक बार फिर से नालों की सफाई का दावा किया जा रहा है. अब दावे कितने हकीकत में बदलते हैं, ये बारिश के आने के बाद ही पता चल सकेगा.
कोरबा में बदमाशों का कहर, ASI के बेटे पर चढ़ाई गाड़ी, पीछा करने वाले दोस्त को अगवा करके की पिटाई
इंजन की गड़गड़ाहट के साथ निकला बदलाव का कारवां, बारनवापारा पहुंचीं 18 महिला बाइकर्स
अंतरराज्यीय गांजा तस्कर माल समेत गिरफ्तार, मेचका क्षेत्र में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

