ETV Bharat / state

कोरिया जिले में महिला आदिवासी सरपंच से गाली-गलौज और बदसलूकी, 'नौगई जैसा जिंदा जलाने' की धमकी का आरोप

पंचायत बैठक में सरपंच, पंचायत सचिव और अन्य पंचों के साथ की गाली गलौज, एक अधिवक्ता गिरफ्तार, एक और आरोपी फरार

Sarpanch threat case Koriya
'नौगई जैसा जिंदा जलाने' की धमकी का आरोप (ETV BHARAT CHHATTISGARH)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : July 6, 2026 at 7:30 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

कोरिया: जिले के सोनहत जनपद क्षेत्र की एक ग्राम पंचायत में बैठक के दौरान महिला आदिवासी सरपंच से कथित अभद्रता, जातिसूचक टिप्पणी और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि आरोपी ने सचिव एवं पंचों को खुलेआम धमकाते हुए चर्चित नौगई हत्याकांड जैसा अंजाम देने की बात कही. पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी अधिवक्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि दूसरा आरोपी अभी फरार है.

कोरिया जिले में महिला आदिवासी सरपंच से गाली-गलौज और बदसलूकी (ETV BHARAT CHHATTISGARH)

भुगतान को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार 30 जून 2026 को पंचायत भवन में सरपंच, सचिव और पंचों की बैठक चल रही थी. इसी दौरान जयकरण साहू वहां पहुंचा और निजी बोरवेल के भुगतान की मांग करने लगा. सरपंच ने कहा कि पंचायत की मंजूरी के बिना भुगतान नहीं किया जा सकता. आरोप है कि इस बात से नाराज होकर जयकरण साहू ने महिला सरपंच के साथ जातिसूचक टिप्पणी की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देकर वहां से चला गया.

अधिवक्ता भतीजे पर भी धमकी देने का आरोप

कुछ देर बाद जयकरण साहू का भतीजा राजेंद्र प्रसाद साहू, जो पेशे से अधिवक्ता है, पंचायत भवन पहुंचा. आरोप है कि उसने वहां मौजूद महिला सरपंच, पंचायत सचिव और अन्य पंचों के साथ भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया और 'तुम लोगों को नौगई जैसा जिंदा जलाकर खत्म कर देंगे' जैसी गंभीर धमकी दी. इस घटना के बाद पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मचारियों में भय एवं आक्रोश का माहौल बन गया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

थाना प्रभारी विनोद पासवान ने बताया कि महिला सरपंच की शिकायत पर सोनहत थाने में मामला दर्ज किया गया है. आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है.

प्रत्यक्षदर्शियों ने भी बताई घटना

घटना के प्रत्यक्षदर्शियों राकेश तिवारी और सूरज चौधरी ने भी पंचायत भवन में हुए विवाद और धमकी की पुष्टि की है. वहीं सरपंच मानमति सिंह ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि यदि समय रहते आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में कोई बड़ी अप्रिय घटना हो सकती है.

एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे के निर्देश पर पुलिस टीम ने साइबर सेल की मदद से आरोपी राजेंद्र प्रसाद साहू को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के बाद उसे विशेष न्यायालय बैकुंठपुर में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. वहीं, दूसरे आरोपी जयकरण साहू की तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है.

कोरिया नौगई ट्रिपल मर्डर, ज्योत्सना महंत और राजा रणविजय ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, सख्त एक्शन की मांग
जनमन योजना की सड़कें 3 महीने में ही उखड़ी! कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने दिया जांच का आदेश
नौगई हत्याकांड दोहराने की धमकी,सोनहत सरपंच को मिला धमकी भरा खत,एसपी से हुई शिकायत