शाला प्रवेश उत्सव, कोई भी बच्चा शिक्षा से न रहे वंचित, कोरिया कलेक्टर रोक्तिमा यादव की अपील
कोरिया कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने शाला प्रवेश उत्सव को लेकर बड़ी अपील की है. उन्होंने स्कूली बच्चों को विद्यालय से जोड़ने की बात कही है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : June 22, 2026 at 8:29 PM IST
कोरिया: छत्तीसगढ़ में 16 जून से शाला प्रवेश उत्सव शुरू हो चुका है. अभी यह शाला प्रवेश उत्सव चल रहा है. इस बीच कोरिया जिले की कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने शाला प्रवेश उत्सव को लेकर बड़ी अपील की है. उन्होंने जिले के सभी पालकों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों से बच्चों को अधिक से अधिक संख्या में विद्यालय से जोड़ने की गुजारिश की है.
शिक्षा से बच्चों के भविष्य की नींव होगी मजबूत
कलेक्टर ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है. यही उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार करती है. नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों का समय पर विद्यालय में प्रवेश कराएं और उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजें. विद्यालय केवल पढ़ाई करने का स्थान नहीं है, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व विकास, संस्कार और भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण केंद्र है. आज के बच्चे ही आने वाले समय में जागरूक नागरिक, जिम्मेदार युवा और समाज के नेतृत्वकर्ता बनेंगे.
प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. इसके लिए परिवार, विद्यालय और समाज को मिलकर प्रयास करना होगा. जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों से अपील है कि वे अपने आसपास ऐसे बच्चों की पहचान करें जो किसी कारणवश विद्यालय नहीं जा रहे हैं या पढ़ाई छोड़ चुके हैं. ऐसे बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने की आवश्यकता है, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे- रोक्तिमा यादव, कलेक्टर, कोरिया
शिक्षकों से कलेक्टर की अपील
कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने शिक्षकों से विद्यालय में सुरक्षित वातावरण तैयार करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि विद्यालयों में सुरक्षित, सकारात्मक और प्रेरणादायी वातावरण तैयार किया जाए, जिससे बच्चे उत्साह के साथ स्कूल आएं और सीखने के प्रति उनकी रुचि बढ़े.
शिक्षा केवल विद्यालय की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि परिवार और समाज की भी बराबर भूमिका है. शिक्षा ही बच्चों को बेहतर भविष्य देने का सबसे मजबूत माध्यम है-रोक्तिमा यादव, कलेक्टर, कोरिया
हर बच्चा जाए स्कूल- रोक्तिमा यादव
कलेक्टर ने जिलेवासियों से संकल्प लेने की अपील की कि कोरिया जिले का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे. हर बच्चा विद्यालय जाए, अपने सपनों को पूरा करे. जिससे शिक्षित, जागरूक एवं समृद्ध समाज के निर्माण में सहभागी बन सके.

