कोरबा में खौफनाक मर्डर के बाद एसपी का एक्शन, हटाए गए कोतवाली के टीआई मोती पटेल
कोरबा में दोपहर को हुई जघन्य हत्या के बाद शाम को कोतवाली के टीआई मोती पटेल पर गाज गिरी है. पढ़िए पूरी रिपोर्ट

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : June 29, 2026 at 10:11 PM IST
कोरबा: शहर में दोपहर के समय दिनदहाड़े हुई जघन्य हत्याकांड के बाद अंतत: एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने कोतवाली टीआई मोती पटेल को हटा दिया है. लंबे समय से कटघोरा की थानेदारी संभाल रहे धर्म नारायण तिवारी को कोतवाली थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है. एसपी ने ट्रांसफर आदेश जारी करते हुए तत्काल प्रभाव से आदेश के पालन का निर्देश दिया है.
बढ़ते क्राइम के बाद फैसला
पिछले लगभग एक डेढ़ साल से कोतवाली थाना क्षेत्र में बड़ी वारदातें हुई हैं. जिसमें जघन्य हत्याकांड, चाकूबाजी सहित नशे के अवैध कारोबार का फलना फूलना शामिल है. कोतवाली थाना की कार्यशैली पर लगातार सवाल उठ रहे थे. लोगों ने इसकी शिकायतें कर रखी थी. नियमित अंतराल पर लोग कोतवाली थाने का घेराव कर रहे थे और पुलिस पर निष्क्रिय रहने का आरोप लगा रहे थे. बावजूद इसके ना तो कोतवाली थाने में पदस्थ किसी पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की गाज गिर रही थी. ना ही किसी की जवाबदेही तय की जा रही थी.

एसपी ने जारी किया ट्रांसफर ऑर्डर
इस बीच सोमवार की दोपहर जब कोतवाली थाने के समक्ष ही दो मजदूरों के झगड़े में एक ने दूसरे की लाठी से पीट पीटकर वीभत्सतापूर्वक हत्या कर दी. तब मामला काफी गंभीर हो गया. पुलिस अधीक्षक पर कार्रवाई का दबाव बन गया. हत्या दोपहर को हुई और शाम होते-होते एसपी ने ट्रांसफर आदेश जारी कर दिया.
धर्म नारायण को कोतवाली की जिम्मेदारी
जिले के सभी थानों में हाल फिलहाल में फेरबदला हुआ है. लेकिन दो थानेदार ऐसे हैं, जो लंबे समय से अपने स्थान पर जमे हुए थे. इनमें से एक कोतवाली थानेदार मोती पटेल थे, तो दूसरे कटघोरा थाने के टीआई धर्म नारायण तिवारी थे. इन दोनों का ही देर शाम एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने एक तरह से म्युचुअल ट्रांसफर कर दिया है. मोती पटेल को कटघोरा भेज दिया गया है. तो कटघोरा से धर्म नारायण तिवारी को कोतवाली की जिम्मेदारी सौंप दी गई है. लोगों के मन में यह सवाल है कि कोतवाली की जिस पुलिसिंग पर लंबे समय से वह सवाल उठा रहे थे. क्या धर्म नारायण तिवारी के आने से वह पुलिसिंग ठीक होगी.
इन पुलिसकर्मियों का भी हुआ तबादला
एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने सोमवार की शाम सिंगल आदेश निकलने के बजाय कुछ अन्य पुलिसकर्मियों का भी इसी आदेश में स्थानांतरण किया है. निरीक्षक मनोज कौशिक को रक्षित केंद्र से पाली थाने में संबद्ध किया गया है. इसी तरह उप निरीक्षक शिवकुमार कौशिक को लाइन से सिविल लाइन रामपुर भेज दिया गया है. जबकि सहायक उप निरीक्षक धनंजय जाटव को बालको नगर से सिविल लाइन, अनिल खंडे को सिविल लाइन से पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर भेजा गया है. प्रधान आरक्षक शनि कुमार कुर्रे को लाइन से बालको भेजा गया है.

