कोरबा में लूटकांड का पर्दाफाश: आंखें फिल्म देखकर बनाया था ज्वेलरी में लूट का प्लान, महिला के भेष में पहुंचा आरोपी अब भी फरार
छुरी के राज ज्वेलर्स में हुई लूट के पांचवें दिन सफलता, सभी आरोपी कोरबा जिले के वनांचल क्षेत्र के निवासी, पहली बार जेल में मिले

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : July 6, 2026 at 6:42 PM IST
कोरबा: जिले के छुरीकला स्थित राज ज्वेलर्स में 1 जुलाई को दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज लूट के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि इस वारदात में शामिल 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उनके एक साथी की तलाश जारी है.
सलवार सूट पहनकर वारदात
फरार आरोपी सलवार सूट पहनकर लड़की का भेष बनाकर लूटकांड को अंजाम देने पहुंचा था. यह आइडिया अमिताभ बच्चन की फिल्म आंखें देख कर अपनाया गया था. इसे ही लूटकांड का मास्टरमाइंड माना जा रहा है. पकड़े गए आरोपी आदतन अपराधी हैं. जिनका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. लूट कांड में शामिल तीनों आरोपियों की मुलाकात पहली बार जेल में हुई थी.
दिनदहाड़े दोपहर के 1 बजे दिया था घटना को अंजाम
बीते 1 जुलाई की दोपहर लगभग 1 बजे, तीन नकाबपोश लुटेरों ने ग्राहक बनकर राज ज्वेलर्स में एंट्री की. इसके बाद आरोपियों ने दुकान का शटर गिराकर संचालक राजकुमार अग्रवाल पर देशी कट्टा तान दिया और मिर्च पाउडर से हमला करने की कोशिश की. हालांकि, दुकान के बाहर लोगों की भीड़ जमा होने के कारण आरोपी घबरा गए और लूट की बड़ी वारदात को अंजाम देने में विफल रहे. दुकानदार की बहादुरी और छीनाझपटी के दौरान भागते समय वे अपना कट्टा और चोरी की एक बाइक मौके पर ही छोड़ गए. वहीं दुकान से जो आभूषण अपने साथ ले जाने में सफल रहे वो भी सभी आर्टिफिशियल ज्वेलरी थी, सोना और चांदी की ज्वेलरी वे नहीं लूट पाए.
100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले
पुलिस ने इस मामले को सुलझाने के लिए सीसीटीवी और साइबर सेल की मदद ली. पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों को खंगाला. साइबर सेल और तकनीकी साक्ष्यों के साथ आरोपियों की पहचान की गई. पुलिस ने जशपुर, पत्थलगांव और धरमजयगढ़ सहित कई क्षेत्रों में घेराबंदी की, जिसके बाद गोपाल सिंह गोंड (36 वर्ष) और परदेशी राठिया (40 वर्ष) को पकड़ा गया.
गोपाल वनांचल क्षेत्र पसान थाना क्षेत्र का निवासी है. जबकि परदेसी जिले के दूसरे छोर श्यांग थाना क्षेत्र का निवासी है और तीसरा आरोपी विष्णु राम राठिया है जो करतला थाना क्षेत्र का निवासी है. तीनों ही निवासी जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्र में रहते हैं और यह वनांचल क्षेत्र में आते हैं.

जेल में बनी थी लूट की योजना
पुलिस के अनुसार पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि गिरफ्तार आरोपी गंभीर अपराधी हैं. पहले भी हत्या और दुष्कर्म जैसे संगीन मामलों में सजा काट चुके हैं. जेल में रहने के दौरान ही इन तीनों की मुलाकात हुई थी, जहां उन्होंने अपनी रिहाई के बाद लूट की इस पूरी योजना को तैयार किया था. आरोपी इस लूट कांड को 30 जून को अंजाम देना चाहते थे, लेकिन इस दिन परदेसी किसी शादी में चला गया था. जिसके कारण इस लूट को 1 जुलाई को अंजाम दिया गया.
पुलिस फरार आरोपी विष्णु प्रसाद राठिया की तलाश में लगातार दबिश दे रही है. पकड़े गए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है. जो तीसरा फरार है, वही महिला का भेष बनाकर लूट करने पहुंचा था.- सिद्धार्थ तिवारी, एसपी कोरबा
मूवी देखकर बनाई प्लानिंग
SP ने बताया कि सभी आपराधिक पृष्ठभूमि वाले हैं. एक मूवी आई थी आंखें जिसे देखकर इन्होंने इस लूट कांड की योजना बनाई थी. फिलहाल पकड़े गए आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और तीसरे की तलाश जारी है.
इस केस को सुलझाने में कटघोरा थाना प्रभारी मोती लाल पटेल, निरीक्षक धर्मनारायण तिवारी और साइबर सेल के अधिकारियों की अहम भूमिका रही.

