जेसीबी से काम के दौरान बाउंड्रीवॉल गिरी, मलबे के नीचे दबने से 3 साल के बच्चे की मौत, दो युवक भी गंभीर
कोरबा में हुई इस घटना के बाद पूरे लक्ष्मणबन बस्ती में तनाव की स्थिति है. स्थानीय लोगों ने कोतवाली थाना का घेराव कर दिया.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 28, 2026 at 7:30 AM IST
कोरबा: शहर के लक्ष्मणबन बस्ती में शुक्रवार की शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे मोहल्ले को झकझोर दिया. इस घटना में एक तीन साल के बच्चे की मौत हो गई, दो युवक गंभीर रूप से घायल है.
कोतवाली के पीछे एक आवासीय परिसर की बाउंड्रीवॉल के पास जेसीबी से काम कराया जा रहा था. इसी दौरान दीवार अचानक भरभराकर गिर गई. दीवार ढहने से मलबे की चपेट में 3 बच्चे दब गए, जिनमे से 3 वर्ष के एक मासूम बालक धनेश की मौत हो गई है. बस्ती के ही दो अन्य युवक विशाल यादव (20 वर्ष) और संजीव कुमार (22 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए. चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे बस्तीवासियों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
बस्ती में माहौल तनावपूर्ण
इस घटना के बाद पूरी लक्ष्मणबन बस्ती में मातम और भारी तनाव की स्थिति है. स्थानीय लोगों ने कोतवाली थाना घेर दिया. काफी देर तक लोग कोतवाली थाने में कार्रवाई की मांग को लेकर डटे रहे. माहौल तनावपूर्ण बना रहा. देर शाम मिली जानकारी के अनुसार, लक्ष्मणबन बस्ती स्थित एक आवासीय परिसर की बाउंड्रीवॉल के समीप काम चल रहा था. इसी दौरान मशीन के तेज झटके और खुदाई के दबाव के कारण दीवार अपनी नींव छोड़कर बाहर गली की ओर गिर गई. दुर्भाग्य से उस समय गली से गुजर रहे लोग मलबे के नीचे दब गए.
स्थानीय निवासियों ने आवासीय परिसर में हो रहे काम को लेकर सवाल उठाते हुए सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी का आरोप लगाया है. लोगों का कहना है कि लापरवाही के कारण एक मासूम की जान गई है, इसके लिए जिम्मेदारों और ठेकेदारों के खिलाफ पुलिस को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए.

5 मंजिल का मकान बन रहा है. बॉउंड्रीवॉले के अंदर जेसीबी मशीन चल रही थी. बच्चे गली में अपने घर के पास खेल रहे थे. जेसीबी से दीवार को धक्का मारा गया तभी दीवार बच्चे पर गिर गई. पूरा अवैध काम है. निगम को भी इस काम के बारे में पता नहीं था-धनेश्वर यादव, स्थानीय निवासी
लापरवाही की जांच होगी- कोरबा पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके का मुआयना किया. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की विवेचना शुरू कर दी है. कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी का कहना है कि संजय नगर के लक्ष्मणबन तालाब के पास दीवार गिरने की घटना की सूचना मिली. तीन बच्चे मलबे के नीचे दबे थे. एक बच्चे की मृत्यु हुई है. कानूनी कार्रवाई की जा रही है. जेसीबी से कार्य के दौरान हुई इस लापरवाही की जांच की जा जाएगी. एक बच्चे की मौत हो जाने की सूचना मिली है. मौके पर पहुंचकर वैधानिक कार्रवाई पूरी की जा रही है.


