ETV Bharat / state

Know Your Army : शौर्य-तकनीक और ऑपरेशन की रणनीति, ऐसा नजारा देख कांप जाएगा दुश्मन

भारतीय सेना की क्षमता का जयपुर में जीवंत प्रदर्शन जारी है. जानिए ये खास बातें...

Army Exhibition in Jaipur
भवानी निकेतन कॉलेज ग्राउंड में प्रदर्शनी (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 9, 2026 at 6:16 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: राजधानी जयपुर में 15 जनवरी को 78वां आर्मी डे मनाया जाएगा. इसके पहले यह आयोजन बेंगलुरु लखनऊ और पुणे में हो चुका है और इस बार राजस्थान को आर्मी डे परेड की मेजबानी का मौका मिला है. आर्मी डे की मुख्य परेड से पहले आम जनता के बीच भारतीय सेना के बारे में ज्यादा से ज्यादा जानकारी देने की कोशिश की जा रही है. सेना की कार्यशैली, तकनीक और तैयारियों को आमजन तक पहुंचाने के मकसद से भवानी निकेतन कॉलेज ग्राउंड में यह प्रदर्शनी शुरू की गई है.

भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और आधुनिक सैन्य ताकत की ऐसी झलक देखने को मिल रही है, जिसे सिर्फ देखा नहीं, बल्कि महसूस किया जा सकता है. 78वें आर्मी डे के अवसर पर जयपुर में पहली बार 'अपनी सेना को जानो' प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है. सीकर रोड स्थित भवानी निकेतन कॉलेज ग्राउंड में शुरू हुई इस पांच दिवसीय प्रदर्शनी में जमीन से लेकर आसमान तक भारतीय सेना की सैन्य शक्ति एक ही मंच पर नजर आ रही है.

शौर्य और तकनीकी का नजारा, सुनिए मेजर रोहित ने क्या कहा... (ETV Bharat Jaipur)

इस प्रदर्शनी में टैंक, मिसाइल, ड्रोन, एयर डिफेंस सिस्टम और ऑपरेशन सिंदूर में इस्तेमाल किए गए अत्याधुनिक हथियारों को आम जनता के लिए प्रदर्शित किया गया है. यहां सेना के वास्तविक ऑपरेशंस और रणनीतियों को बेहद करीब से देखने और समझने का मौका मिल रहा है. प्रदर्शनी का सबसे बड़ा आकर्षण लाइव डेमोंस्ट्रेशन है, जिसमें काल्पनिक युद्ध क्षेत्र तैयार कर आतंकियों को घेरने, उनके ठिकानों को नष्ट करने और ऑपरेशन की रणनीति को दिखाया गया है.

पढ़ें : जयपुर में तैयार क्रूशना और जेना बने भारतीय सेना का सपोर्ट सिस्टम, UGV कई मोर्चों पर कारगर

पढ़ें : इजराइल का ये ड्रोन बना भारत के निगरानी तंत्र का अहम हिस्सा, इन खासियत से लबरेज है 'स्काई स्ट्राइक'

पढ़ें : भारतीय सेना के शौर्य इतिहास का जीवंत नजारा, 'बांग्लादेश उदय' की निशानी से रूबरू हुए जयपुरवासी

लाइव ऑपरेशन का डेमोंसट्रेशन : गुरुवार को प्रदर्शनी के दौरान सेना की ओर से किए गए लाइव ऑपरेशन डेमोंस्ट्रेशन ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया. इस दौरान जवानों ने हेलिकॉप्टर से करीब 100 फीट ऊंचाई से छलांग लगाई, नैनो ड्रोन की मदद से घर के अंदर छिपे आतंकवादियों की लोकेशन ट्रेस की. स्नाइपर ने सटीक निशाना लगाकर आतंकवादी को ढेर किया और जवानों ने गेट तक पहुंच कर ब्लास्ट कर आतंकियों को उलझाते हुए वीआईपी को सुरक्षित बाहर निकाला.

Know Your Army
अपनी सेना को जानो प्रदर्शनी (ETV Bharat Jaipur)

डेमोंस्ट्रेशन के दौरान यह भी दिखाया गया कि आपात स्थिति में सेना किस तरह तेज और सटीक कार्रवाई करती है. हेलिकॉप्टर से रस्सियों के सहारे जवान नीचे उतरते हैं, रोबोटिक डॉग और आधुनिक उपकरणों की मदद से पहले इलाके की जांच करते हैं, फिर टीले और कवर की आड़ लेकर पोजिशन संभालते हुए आतंकवादियों को ढेर करते हैं. इसके बाद बाहर तैनात दूसरी टुकड़ी को संकेत देकर वीआईपी को सुरक्षित वाहन में बैठाकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया जाता है. एक अन्य दृश्य में भागने की कोशिश कर रहे आतंकवादी को सेना के डॉग द्वारा पकड़ कर गिरफ्तार किया गया.

ड्रोन अटैक और टैंक ऑपरेशन का लाइव डेमो : दूसरे लाइव डेमोंस्ट्रेशन में ड्रोन अटैक और टैंक ऑपरेशन को दिखाया गया. इसमें पहले ड्रोन की मदद से दुश्मन के ठिकानों को टारगेट किया गया, फिर टैंक यूनिट को एक्टिव कर बंकरों पर फायर किया गया. बंकर तबाह होने के बाद जवान टैंकों से बाहर निकलकर इलाके को कवर करते हुए आगे बढ़े और शेष दुश्मन ठिकानों को पूरी तरह नष्ट कर दिया. ऑपरेशन के सफल समापन के बाद मौके पर तिरंगा फहराया गया, जिसे देखकर पूरा मैदान तालियों से गूंज उठा.

Power of Indian Army
सेना की क्षमता का प्रदर्शन (ETV Bharat Jaipur)

Know Your Army Exhibition पांच दिनों तक चलेगी. आम लोग सुबह 10:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक यहां आकर मिसाइल, ड्रोन, टैंक और ऑपरेशन सिंदूर में इस्तेमाल हुए हथियारों को देख सकेंगे.

'नो योर आर्मी' प्रदर्शनी :

  • 15 जनवरी को जयपुर में मनाया जाएगा 78वां आर्मी डे.
  • राजस्थान को पहली बार आर्मी डे परेड की मेजबानी.
  • इससे पहले बेंगलुरु, लखनऊ और पुणे में हो चुका है आयोजन.
  • जयपुर में पहली बार 'अपनी सेना को जानो' 5 दिवसीय प्रदर्शनी.
  • सेना की कार्यशैली, तकनीक और तैयारियों से आमजन को जोड़ने का लक्ष्य.

सेना की ताकत एक मंच पर :

  • जमीन से आसमान तक भारतीय सेना की शक्ति का प्रदर्शन.
  • टैंक, मिसाइल, ड्रोन और एयर डिफेंस सिस्टम प्रदर्शित.
  • ऑपरेशन सिंदूर में इस्तेमाल हुए अत्याधुनिक हथियार शामिल.

लाइव डेमोंस्ट्रेशन आकर्षण :

  • काल्पनिक युद्ध क्षेत्र का निर्माण.
  • आतंकियों को घेरने और ठिकानों को नष्ट करने का प्रदर्शन.
  • सेना की रणनीति और वास्तविक ऑपरेशन का लाइव डेमो.
  • सेना के ऑपरेशंस को करीब से देखने का अवसर.