Special: जोधपुर में पार्षद बनने उतरा 200 में से हर चौथा प्रत्याशी करोड़पति, विधायक-सांसद से भी ज्यादा संपत्ति
दोनों पार्टियों की तरफ चार-चार ऐसे उम्मीदवार भी हैं, जिनकी संपत्ति एक लाख से भी कम हैं.

Published : September 2, 2026 at 8:40 PM IST
जोधपुर : सांसद, विधायक के चुनाव में धनकुबेर उतरते हैं, लेकिन जोधपुर में इस बार पार्षद बनने के लिए भी धनकुबेर इस मैदान में उतरे हैं. यह सबसे छोटा चुनाव है, जिसमें करोड़ों की सपत्ति के मालिक अपनी किस्मत आजमाने उतरे हैं. खास बात यह है कि पार्षद का चुनाव लड़ने वाले कई उम्मीदवारों की चल अचल संपत्ति विधायक सांसद से भी ज्यादा है.
पत्रों में अनुमानित कीमत : जोधपुर नगर निगम के लिए पार्षद का चुनाव लड़ रहे इन धनकुबेरों में पूर्व मंत्री मेघराज लोहिया, प्रसन्नचंद मेहता, सुगंधा गोयल, कुंती देवड़ा, नरेश जोशी, देवेंद्र सालेचा, प्रदीप गांग जैसे नाम शामिल हैं. निकाय चुनाव के पार्षद प्रत्याशियों की संपत्ति करोड़ों में होने का सबसे बड़ा कारण प्रॉपर्टी के महंगे भाव हैं. हालांकि, शपथ पत्रों में अनुमानित कीमत ही बताई गई है, वास्तविक में इससे भी ज्यादा हो सकती है.
पढे़ं. जोधपुर नगर निगम चुनाव: वार्डों की आरक्षण लॉटरी जारी, मेयर पद सामान्य होने से दिग्गजों का गणित बिगड़ा
इसी तरह से घर में रखा सोना ही तीन गुना हो गया है, जो करोड़ों की संपत्ति बता रहा है. उम्मीदवारों की ओर से निर्वाचन आयोग को दिए उनके हल्फनामों का विश्लेषण करने पर सामने आता है कि भाजपा व कांग्रेस के 200 प्रत्याशियों में हर चौथा प्रत्याशी करोड़पति है. ऐसे कुल 49 उम्मीदवार हैं. भाजपा में 73 और कांग्रेस में 70 लखपति हैं, लेकिन इन सबके साथ दोनों तरफ चार-चार ऐसे उम्मीदवार भी हैं, जिनकी संपत्ति एक लाख से भी कम हैं.

वार्ड 42 के उम्मीदवार :
भाजपा से मेघराज लोहिया, पूर्व मंत्री- 89 करोड़ : भाजपा के दिग्गज नेता मेघराज लोहिया पेशे से उद्योगपति हैं. वे पहले भी पार्षद रह चुक हैं. लोहिया वसुंधरा राजे के कट्टर समर्थक माने जाते हैं. राजे ने अपने दोनों सीएम के कार्यकाल में राजसिको का अध्यक्ष बनाकर लोहिया को मंत्री का पोर्टफोलिया दिया था. मेघराज लोहिया व उनकी पत्नी की मिलाकर कुल संपत्ति 89 करोड़ रुपए है, जो उन्होंने अपने शपथ पत्र में भरी है.
हलफनामे के अनुसार करोड़ों की जमीन :
- मेघराज लोहिया ने अपने हलफनामे में जोधपुर के पाल रोड व नागौर जिले के खिंवसर व बेरावास में उनकी और पत्नी के नाम 71.50 करोड़ 20 लाख की जमीन बताई है.
- मुंबई के माहिम में बेलमोंट टॉवर में 1295 वर्ग फुट का फ्लैट है, जिसकी कीमत 6.50 करोड़ है.
- जोधपुर के नेहरू पार्क में पत्नी के नाम 3800 वर्ग फीट के 7.5 करोड़ के दो मकान हैं.
- नकद, सोना, चांदी, शेयर, म्यूचुअल फंडफंड और वाहन दोनों पति पत्नी के पास 4 करोड़ 12 लाख 76 हजार के हैं, इसमें 50 तोला सोना शामिल है.
विपक्षी उम्मीदवार : कांग्रेस के उम्मीदवार जिलाध्यक्ष ओमकार वर्मा की कुल संपत्ति पांच करोड़ है. इसमें 4.5 करोड़ के दो मकान व एक दुकान हैं. नकद, बचत योजनाओं व पत्नी के सोने के जेवर मिलाकर 50 लाख रुपए हैं.
वार्ड 82 के उम्मीदवार :

भाजपा से प्रसन्नचंद मेहता, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष- 7.26 करोड़ : प्रसन्नचंद मेहता जोधपुर भाजपा के कद्दावर नेता हैं और प्रदेश के पूर्व उपाध्यक्ष रहे हैं. मेहता कई तरह की जिम्मेदारियां उठा चुके हैं. प्रदेश में एक बार हुए सीधे मेयर के चुनाव में पार्टी ने उनको प्रत्याशी बनाया था, लेकिन बहुत नजदीकी अंतर से वे रामेश्वर दाधिच से हार गए थे. मेहता ने अपनी और पत्नी की कुल संपत्ति 7 करोड़ 26 लाख की बताई है. प्रसन्नचंद मेहता ने अपने हलफनामे में 5 करोड़ 12 लाख रुपए की अचल संपत्ति बताई है. इसमें जोधपुर के जलाम विलास में 2.5 करोड़ का घर और जमीनें हैं. दोनों पति पत्नी के पास दो करोड़ 14 लाख रुपए की चल संपत्ति है, जिसमें तीन लाख रुपए नकद और बाकी सभी शेयर, म्यूचुअल फंड हैं.
विपक्षी उम्मीदवार : कांग्रेस के अरविंद परिहार के पास कुल 38 लाख रुपए की संपत्ति है, जिसमें दो दुकानें और पत्नी के पास 20 लाख का सोना है.
वार्ड संख्या 22 के उम्मीदवार :
भाजपा से डॉ. सुगंधा गोयल, 19 करोड़ : डॉ. सुगंधा गोयल विश्व हिंदू परिषद के जोधपुर महानगर अध्यक्ष और प्रसिद्ध सर्जन डॉ. रामगोयल की बेटी हैं. डॉ. गोयल खुद सीधे राजनीति में नहीं हैं, बल्कि बेटी को राजनीति में उतारा है. संभवतः उन्हें बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है. डॉ. सुगंधा अपने पिता के अस्पताल को संभालती हैं. उन्होंने हलफनामे में सालाना 1 करोड़ रुपए, 46 लाख खुद की और 44 लाख पति की कमाई बताई है. साथ ही कुल संपत्ति 19 करोड़ की बताई है. इसमें 6 करोड़ से ज्यादा डॉ. सुगंधा के पास शेयर, पिता के अस्पताल में शेयर, सोना और म्यूचुअल फंड हैं. उनके पति के पास 9 करोड़ 26 लाख रुपए की उपरोक्त संपत्ति है.

विपक्षी उम्मीदवार : कांग्रेस के प्रदीप गांग पहले भी कांग्रेस के पार्षद रह चुके हैं. इस बार उनको पैराशूट प्रत्याशी बनाकर इस वार्ड में उतारा गया है. उन्होंने अपनी और पत्नी की 1.5 करोड़ की संपत्ति की घोषणा की है. इसमें 23 लाख दोनों के पास नकद बताए गए हैं. इसके अलावा सोना, शेयर और वाहन बताए हैं. इसके अलावा दो करोड़ 35 लाख की अचल संपत्ति है, जिसमें उनका घर शामिल है.
वार्ड संख्या 99 के उम्मीदवार :
कांग्रेस से कुंती देवड़ा, 14 करोड़ : कुंती देवड़ा गत नगर निगम उत्तर की महापौर रही हैं. उनके पिता मानसिंह देवड़ा कांग्रेस के बड़े क्षत्रप थे. वे तीन बार विधायक रहे थे. 1998 में उन्होंने अशोक गहलोत के लिए सरदारपुरा सीट खाली की थी, जिसके बाद गहलोत सीएम बने थे. मानसिंह देवड़ा को आवासन मंडल का अध्यक्ष बनाया गया था. कुंती देवड़ा ने अपनी और अपने पति की कुल 14 करोड़ की संपत्ति बताई है. कुंती देवड़ा ने अपनी संपत्ति में पति-पत्नी के पास 3.5 करोड़ की चल संपत्ति बताई है. इसमें उनके पास 65 लाख व पति के पास दो करोड़ 87 लाख की बैंक एफडी, शेयर, सोना चांदी व वाहन हैं. इसके अतिरिक्त 7 करोड़ 60 की अचल संपत्ति, जिसमें घर, भूमि भूखंड कुंती देवडा के नाम हैं, जबकि उनके पति के नाम तीन करोड़ की अचल संपत्ति है. पति ठेकेदारी करते हैं. करीब 6 करोड़ की देनदारी भी है.
विपक्षी उम्मीदवार : भाजपा उम्मीदवार निकता ने दस लाख की अचल संपत्ति बताई है. इसमें नकद दस हजार, सोना व दोपहिया व चार पहिया वाहन शामिल हैं. निकता ने खुद के व्यापार से सालाना 5 लाख की आय बताई है.
वार्ड संख्या 40 के उम्मीदवार :
कांग्रेस से नरेश जोशी, 12 करोड़ : नरेश जोशी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं. अशोक गहलोत की गुड बुक के आदमी हैं और स्टोन का बिजनस करते हैं. जोशी शहर की पॉश कॉलोनी शास्त्रीनगर से पहले भी पार्षद रह चुके हैं. जोशी ने 12 करोड़ से ज्यादा अपनी चल अचल संपत्ति का खुलासा अपने शपथ पत्र में किया है. नरेश जोशी व उनकी पत्नी के पास 17 लाख से ज्यादा नकद है. दोनों के पास 90 तोला सोना है. पीपीएफ वाहन सहित कुल चल संपत्ति 4 करोड़ 48 लाख से ज्यादा की बताई गई है. जोशी ने 8 करोड़ 20 लाख रुपए की अचल संपत्ति की घोषणा की है. इसमें जालौर में माइंस 2.5 करोड़ की और जोधपुर में शास्त्रीनगर में पांच करोड़ से ज्यादा का मकान है.
विपक्षी उम्मीदवार : भाजपा के देवेंद्र सालेचा के पास 9.71 करोड़ की संपत्ति है. देवेंद्र सालेचा भी पूर्व जिलाध्यक्ष रह चुके हैं. सालेचा केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के करीबी हैं. सालेचा पूर्व में पार्षद भी रह चुके हैं. उन्होंने अपनी और पत्नी सहित 9 करोड़ 71 लाख रुपए की संपत्ति घोषित की है. देवेंद्र सालेचा ने अपनी और पत्नी की चल संपत्ति 4 करोड़ 21 लाख की बताई है. इसमें राष्ट्रीय बचत योजना पीपीएफ, वाहन एवं शेयर व 500 ग्राम से ज्यादा सोना को शामिल किया है. सालेचा ने अचल संपत्ति में गुजरात के गांधीधाम में अपनी वाणिज्यिक जायदाद का खुलासा किया है, जिसकी कीमत 2 करोड़ रुपए है. साथ ही शास्त्रीनगर में अपने व पत्नी के नाम घरों की कीमत 3.5 करोड़ बताई है.


