मकर संक्राति से पहले जयपुर के इस क्षेत्र में 14 दिन रहेगी पतंगबाजी पर रोक, जानिए कारण
सेना दिवस के आयोजन के मद्देनजर फ्लाई पास्ट के चलते अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर ने जारी किए आदेश.

Published : December 24, 2025 at 1:43 PM IST
जयपुर : मकर संक्रांति के मौके पर पतंगबाजी करने वाले जयपुर के लोगों के लिए यह बड़ी खबर है. राजधानी में जगतपुरा इलाके में महल रोड के पांच किलोमीटर के दायरे में 14 दिन पतंगबाजी पर रोक रहेगी. इस संबंध में जयपुर के अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर डॉ. राजीव पचार ने इस संबंध में बीएनएस की धारा 163 के तहत आदेश जारी किया है. जयपुर में सेना दिवस की 15 जनवरी को परेड महल रोड पर होगी. इससे पहले करीब 13 दिन तक फ्लाई पास्ट (विमान परेड) की रिहर्सल होगी. इसी को ध्यान में रखते हुए महल रोड के पांच किलोमीटर के दायरे में पतंग उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया गया है.
फ्लाई पास्ट के दौरान दर्शक रहेंगे मौजूद : अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (कानून-व्यवस्था) डॉ. राजीव पचार ने बताया, सेना दिवस के परेड स्थल महल रोड (हरे कृष्णा मार्ग) जगतपुरा के ऊपर के क्षेत्र में फ्लाई पास्ट अभ्यास (विमान परेड) का आयोजन होगा. इस दौरान विमान बहुत कम ऊंचाई पर उड़ान भरेंगे. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा होंगे, जिनकी सुरक्षा के मद्देनजर महल रोड, हरेकृष्णा मार्ग, जगतपुरा के पांच किलोमीटर के दायरे में पतंग उड़ाने पर रोक लगाई गई है.
पढे़ं. मकर संक्रांति और शीतला अष्टमी का स्थानीय अवकाश घोषित, आदेश जारी
जानिए, कब-कब लागू होगा प्रतिबंध : उन्होंने बताया कि 2 जनवरी 2026 से 14 जनवरी 2026 तक दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक पतंगबाजी पर रोक रहेगी. उन्होंने कहा, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत महल रोड, हरेकृष्णा मार्ग, जगतपुरा में पांच किलोमीटर के दायरे में पतंग उड़ाने पर प्रतिबंध रहेगा. जयपुर में मकर संक्रांति के मौके पर 14 जनवरी को जमकर पतंगबाजी होती है. लोग सुबह से शाम तक पतंगबाजी करते हैं.

