ETV Bharat / state

फोरलेन पर ट्रक और टैंपो से टकराई कार का सड़क पर बिखर गया पुर्जा-पुर्जा, 1 की मौत 4 घायल

किरतपुर-मनाली फोरलेन पर भीषण सड़क हादसा हुआ. 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई.

दुर्घटनाग्रस्त कार
दुर्घटनाग्रस्त कार (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : August 16, 2026 at 11:54 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

सुंदरनगर: किरतपुर-मनाली फोरलेन पर सुंदरनगर के अलसू चौक के समीप देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है. हादसे में हरियाणा नंबर की ब्रेजा कार सड़क किनारे पार्क किए गए दो ट्रक और साथ से गुजर रहे एक टैंपो से टकरा गई. इस भीषण दुर्घटना में हरियाणा के एक युवक की मौत हो गई, जबकि अन्य कार सवार गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घायलों का उपचार एम्स बिलासपुर में चल रहा है.

जानकारी के अनुसार हादसा अलसू चौक के पास उस समय हुआ, जब हरियाणा नंबर की ब्रेजा कार फोरलेन से गुजर रही थी. इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े दो ट्रकों से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. इसके बाद कार की चपेट में साथ से गुजर रहा एक टैंपो भी आ गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. दुर्घटना में कार सवार 26 वर्षीय आकाश निवासी हरियाणा की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, कार में सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं.

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को प्राथमिक सहायता के बाद उपचार के लिए एम्स बिलासपुर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों का जायजा लेने के साथ ही हादसे से जुड़े तथ्यों को जुटाना शुरू कर दिया है. हादसा किस वजह से हुआ, इसकी पूरी जानकारी पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी. घटना के बाद कुछ समय के लिए फोरलेन पर यातायात भी प्रभावित रहा. पुलिस ने मौके पर स्थिति को संभालते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू करवाया. हादसे को लेकर स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है. एसपी मंडी विनोद कुमार ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है.

ये भी पढ़ें: मैड़म आप की कार का टायर हिल रहा है, बोलकर बाइक सवारों ने रुकवाई गाड़ी, फिर बंदूक के दम पर लूटा