ETV Bharat / state

फूलों की फगुनाहट में जल-संरक्षण का संदेश: देवघर के किन्नर समाज की अनोखी होली, 7–9 मार्च तक होगा महायज्ञ का आयोजन

देवघर में किन्नर समाज ने फूल और गुलाल से होली खेली. 7-9 मार्च तक महायज्ञ के आयोजन की जानकारी दी.

Holi in Deoghar
किन्नर समाज की होली (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : March 1, 2026 at 10:36 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

रिपोर्ट - हितेश कुमार

देवघर: मार्च के आगमन के साथ ही देवघर का वातावरण फगुआ की सुरभि से महक उठा है. नगर की गलियों में अबीर-गुलाल की आभा और लोकगीतों की मधुर तान सुनाई देने लगी है. इसी उल्लासपूर्ण परिवेश में रविवार को देवघर के किन्नर समाज ने मंगलमुखी धाम में होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन कर सामाजिक सरोकार और सांस्कृतिक चेतना का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया.

समारोह में झारखंड की किन्नर महामंडलेश्वर राजेश्वरी नंद गिरि ने समाज के साथ फूल और गुलाल से सूखी होली खेली. रंगों की इस पावन अठखेलियों के बीच उन्होंने जल संरक्षण का संदेश भी दिया. उन्होंने कहा कि देवघर तेजी से जल-संकट की ओर बढ़ रहा है, शहर ड्राई जोन की स्थिति के निकट है और गर्मी की आहट के साथ जल-संकट गहराने की आशंका है. ऐसे में गीले रंगों से परहेज कर सूखी होली मनाना समय की पुकार है.

फूलों की फगुनाहट में जल-संरक्षण का संदेश (Etv Bharat)

समारोह में फाग-गीतों की रसधार बही, पारंपरिक लोकधुनों पर किन्नर समाज ने ठुमके लगाए और बसंत ऋतु का अभिनंदन किया. उल्लास और उत्तरदायित्व का यह संगम देवघरवासियों के लिए एक प्रेरणास्पद उदाहरण बनकर उभरा.

इसी अवसर पर मार्च माह में होने वाले भव्य धार्मिक आयोजन की जानकारी भी साझा की गई. झारखंड किन्नर महामंडलेश्वर माता राजनंदनी ने बताया कि आगामी 7, 8 और 9 मार्च को बंधा स्थित परिसर में भव्य महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा. इस तीन दिवसीय आध्यात्मिक अनुष्ठान में प्रदेशभर से संत-महात्मा, बुद्धिजीवी एवं श्रद्धालु सहभागिता करेंगे.

कार्यक्रम के आयोजनकर्ता महंत अजीत कुमार सिंह ने जानकारी दी कि इस महायज्ञ में मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात किन्नर संत लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी. उनके साथ समाज के अनेक गणमान्य व्यक्तियों के आगमन से आयोजन की गरिमा और भी बढ़ेगी.

यह भी पढ़ें:

हर्बल गुलाल और रंगों से खेलें होली, पलामू में जेएसएलपीएस से जुड़ी दीदियों ने की तैयारी

अनोखी और 500 साल पुरानी परंपरा: होलिका दहन और भव्य फागडोल जतरा का अद्भुत संगम! जानें, कहां है ये स्थान

जरमुंडी थाना परिसर में होली को लेकर शांति समिति की बैठक, थाना प्रभारी ने लोगों को दिए कई निर्देश