ETV Bharat / state

पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अपहृत डॉक्टर को 24 घंटे में किया बरामद, 70 लाख की फिरौती मांगने वाले तीन गिरफ्तार

पटना के डॉक्टर के अपहरण मामले में पुलिस ने 24 घंटे में उन्हें समस्तीपुर से सुरक्षित बरामद कर लिया है. तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया.

PATNA DOCTOR RECOVERED
पटना का डॉक्टर बरामद (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 13, 2026 at 8:25 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: राजधानी पटना के जानीपुर थाना क्षेत्र में डॉक्टर के अपहरण मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है. अज्ञात अपराधियों ने डॉक्टर सर्वेश कुमार तिवारी का अपहरण कर लिया और उनके परिजनों से 70 लाख रुपये की फिरौती मांगी. डॉ. तिवारी पटना के राजीव नगर थाना क्षेत्र के निवासी हैं और नर्सिंग एवं पैरा मेडिकल कॉलेज से जुड़े हुए हैं.

पुलिस ने शुरू की ताबड़तोड़ कार्रवाई: मामले की सूचना मिलते ही पटना पुलिस ने फौरन सक्रियता दिखाई. नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी फुलवारीशरीफ-02 और थानाध्यक्ष जानीपुर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी और वैज्ञानिक जांच शुरू की और संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी की.

पटना के डॉक्टर बरामद (ETV Bharat)

24 घंटे के भीतर डॉक्टर बरामद: जांच के दौरान पुलिस को तकनीकी सर्विलांस, मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग और स्थानीय सूचनाओं से महत्वपूर्ण सुराग मिले. इनके आधार पर टीम ने समस्तीपुर जिले के वारिसनगर थाना क्षेत्र में छापेमारी की. ग्राम मखदुमपुर स्थित एक ठिकाने पर छापा मारकर अपहृत डॉक्टर को सुरक्षित बरामद कर लिया गया. अपहरण के बाद अपराधियों ने उन्हें यहीं छिपाकर रखा था. पूरी कार्रवाई मात्र 24 घंटे के भीतर सफल रही.

तीन अभियुक्तों की गिरफ्तारी: छापेमारी के दौरान पुलिस ने अपहरण में शामिल तीन अभियुक्तों को दबोच लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रविंद्र प्रसाद, राकेश कुमार और मनीष कुमार के रूप में हुई है. ये तीनों समस्तीपुर जिले के वारिसनगर थाना क्षेत्र के निवासी हैं. पुलिस ने आरोपियों के पास से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की, जिसकी जांच जारी है.

पुलिस अधीक्षक का बयान: पश्चिमी पटना के पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह ने बताया कि इस ऑपरेशन में तकनीकी सर्विलांस और समन्वित कार्रवाई का बड़ा योगदान रहा. अपहृत को सुरक्षित छुड़ाने में टीम की त्वरित प्रतिक्रिया महत्वपूर्ण साबित हुई. उन्होंने कहा कि मामले में शामिल अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही आगे की गिरफ्तारियां हो सकती हैं.

कानूनी कार्रवाई और जांच: गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस अपहरण के पूरे नेटवर्क और साजिश की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है. जांच से पता चला है कि अपहरण फिरौती के उद्देश्य से किया गया था और इसमें पूर्व नियोजित योजना शामिल थी.

"गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस पूरे नेटवर्क और साजिश की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है.
इस सफल कार्रवाई के बाद पटना पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक सूचना की जानकारी तुरंत स्थानीय थाना को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके."-भानु प्रताप सिंह, वेस्ट एसपी, पटना

पुलिस की अपील: इस सफल कार्रवाई के बाद पटना पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक जानकारी की सूचना तुरंत स्थानीय थाने को दें. इससे समय रहते कार्रवाई संभव हो सकेगी और अपराध पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी. पुलिस का यह अभियान अपराधियों के लिए कड़ी चेतावनी है.

ये भी पढ़ें-

एक 'प्रिंस' के अंत की दास्तान... जब डॉक्टर का बेटा बना अपराध का 'गोल्डन शूटर'

बिहार में मशहूर डॉक्टर के नाती की बेरहमी से हत्या, ग्राइंडर मशीन से रेता गला.. मोबाइल भी तोड़ा