ETV Bharat / state

रायपुर में कट्टा दिखाकर अपहरण, 4 दिनों तक बंधक बनाकर पीटा, दो लोगों को पुलिस ने छुड़ाया

रायपुर में दो लोगों को किडनैप करके बंधक बनाकर मारपीट का मामला सामने आया.पुलिस ने अपहरणकर्ताओं से दोनों को मुक्त कराया है.

kidnapped hostage persons rescued
रायपुर में दो लोगों को बंधक बनाकर मारपीट (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : February 20, 2026 at 3:58 PM IST

|

Updated : February 20, 2026 at 4:12 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कानून व्यवस्था को चुनौती देती एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है.आजाद चौक थाना क्षेत्र के करबला तालाब के पास दिनदहाड़े कट्टा दिखाकर दो लोगों का अपहरण कर लिया गया. आरोपियों ने उन्हें कार में जबरन बैठाकर शहर में ही एक स्थान पर चार दिनों तक बंधक बनाकर रखा और मारपीट की. इस दौरान मारपीट का वीडियो भी बनाया गया. पुलिस को सूचना मिलने के बाद दोनों को मुक्त कराया गया. इसके बाद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

कट्टे की नोक पर अपहरण, मोबाइल-पर्स छीना

पीड़ित जीवन और राकेश शर्मा धमतरी मेघा क्षेत्र के निवासी हैं दोनों ने बताया कि सोमवार को उन्हें किशनपुरी निवासी जितेंद्र पटेल ने पैसे लौटाने के बहाने रायपुर बुलाया था. जीवन के अनुसार, नौकरी लगवाने के नाम पर उससे और उसके साले से करीब दो लाख रुपये लिए गए थे. लोकेशन के मुताबिक वे करबला तालाब पहुंचे, जहां 5-6 लोगों ने उन्हें घेर लिया. पहले जीवन को पकड़ा गया, फिर बीच-बचाव करने पहुंचे राकेश को भी दबोच लिया गया. दोनों के पर्स और मोबाइल छीन लिए गए और कनपटी पर कट्टा अड़ाकर कार में बैठा लिया गया.

रायपुर में कट्टा दिखाकर अपहरण (Etv Bharat)



चार दिन तक बंधक, रोजाना की गई मारपीट

जीवन ने बताया कि उन्हें तालाब के पास ही किसी स्थान पर बंधक बनाकर रखा गया. दिन में एक जगह और रात में सोने के लिए दूसरी जगह ले जाया जाता था.पहले दिन जमकर मारपीट की गई और उसका वीडियो बनाया गया. दूसरे दिन भी पिटाई हुई. तीसरे दिन थोड़ी राहत मिली, लेकिन चौथे दिन फिर बेरहमी से हमला किया गया. मारपीट में जीवन के हाथ की हड्डी टूट गई, जबकि राकेश को छाती और हाथ में गंभीर चोटें आईं.

जब हम करबला तालाब पहुंचे तो हल्का अंधेरा हो चुका था. अचानक 5-6 लोग आए और मारपीट शुरू कर दी. इसके बाद एक कार आई, जिसमें बैठाकर हमारी आंखों पर पट्टी बांध दी गई. मारपीट के दौरान मैं बेहोश हो गया.होश में आने के बाद मैंने खुद को बंधा हुआ पाया- राकेश शर्मा,पीड़ित


पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कराया मुक्त

पीड़ितों के मुताबिक, अचानक पुलिस को सूचना मिली और टीम मौके पर पहुंची.जिसके बाद दोनों को मुक्त कर थाने लाया गया.जिन लोगों ने बंधक बनाया था, उन्हें भी पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. आजाद चौक थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है. मोबाइल, गाड़ी और अन्य सामान की जब्ती की प्रक्रिया जारी है.


कमिश्नरी सिस्टम पर उठे सवाल

रायपुर में पुलिस कमिश्नरी व्यवस्था लागू होने के बाद चाक-चौबंद सुरक्षा और लगातार पेट्रोलिंग के दावे किए जा रहे हैं. चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात है, लेकिन इसके बावजूद दिनदहाड़े अपहरण और चार दिन तक बंधक बनाकर रखने की घटना ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. अगर राजधानी में इस तरह की वारदात हो सकती है, तो अन्य जिलों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठना लाजिमी है.


पुलिस जांच में जुटी, जल्द हो सकता है बड़ा खुलासा

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है.आरोपियों से पूछताछ जारी है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इस सनसनीखेज अपहरण कांड का पूरा खुलासा किया जाएगा. राजधानी में हुई इस वारदात ने आम नागरिकों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया.

बालोद में शराब पीकर चलाया वाहन तो सस्पेंड होगा लाइसेंस, दूसरी बार पकड़े जाने पर और सख्त कार्रवाई

सीजीबीएसई बोर्ड परीक्षाएं शुरू, पहले दिन हुआ 12वीं का पेपर, धमतरी में सुरक्षा के सख्त इंतजाम
अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझाई, पूर्व सांसद के कर्मचारी की हत्या का खुलासा

Last Updated : February 20, 2026 at 4:12 PM IST