ETV Bharat / state

किच्छा के टूर ट्रेवल व्यवसायी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, कार का टायर फटा, सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई

किच्छा के जाने-माने ट्रेवल व्यवसायी मोहित शर्मा देर रात रुद्रपुर से अपने घर किच्छा लौट रहे थे, राधा स्वामी सत्संग भवन के सामने हुआ हादसा

KICHHA ROAD ACCIDENT
किच्छा के टूर ट्रेवल व्यवसायी मोहित शर्मा की हादसे में मौत (File Photo)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : June 29, 2026 at 12:47 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले के किच्छा से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है. रुद्रपुर से अपने घर लौट रहे एक टूर एंड ट्रेवल व्यवसायी की कार का टायर अचानक फट गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई. गंभीर रूप से घायल व्यवसायी को राहगीरों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

किच्छा के टूर ट्रेवल व्यवसायी हादसे का शिकार: उधम सिंह नगर के किच्छा क्षेत्र में देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में वार्ड नंबर-2, आजाद नगर निवासी 35 वर्षीय मोहित शर्मा, पुत्र केशव शर्मा की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहित शर्मा मंगलवार देर रात लगभग 11:30 बजे रुद्रपुर से अपने घर किच्छा लौट रहे थे. जब उनकी कार राधा स्वामी सत्संग भवन के सामने पहुंची, तभी कार का अगला टायर अचानक फट गया. टायर फटने के कारण कार का संतुलन बिगड़ गया और वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई.

35 साल के मोहित शर्मा की सड़क हादसे में मौत: टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और मोहित शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना होते ही मौके से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत मानवता का परिचय देते हुए 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी. एंबुलेंस की सहायता से घायल मोहित शर्मा को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

बताया जा रहा है कि मोहित शर्मा किच्छा में टूर एंड ट्रेवल का व्यवसाय करते थे और अपने व्यवहार के कारण क्षेत्र में अच्छी पहचान रखते थे. उनके परिवार में पत्नी नैना शर्मा, एक पुत्र और एक पुत्री हैं. हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी अस्पताल पहुंच गए.

कार टायर फटने से खड़े ट्रक से टकराई कार: घटना की सूचना मिलते ही बिगवाड़ा चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह रिग्वाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह रिग्वाल ने बताया कि-

प्रथम दृष्टया हादसे का कारण कार का अगला टायर फटना प्रतीत हो रहा है. हालांकि दुर्घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे और जो भी साक्ष्य प्राप्त होंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
-सुरेंद्र सिंह रिग्वाल, चौकी प्रभारी-

इस दर्दनाक हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं. क्षेत्र के लोगों ने सड़क सुरक्षा और वाहन की नियमित जांच पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता भी जताई है.
ये भी पढ़ें: हरिद्वार में भीषण सड़क हादसा, रोडवेज ने पिकअप को मारी टक्कर, 3 की मौत, 4 लोग घायल