बकरीद के मौके पर खूंटी पुलिस की पहल, SP ऋषभ गर्ग ने बांटी मिठाइयां और चॉकलेट
खूंटी एसपी ने मुस्लिम समुदाय के लोगों, बुजुर्गों, युवाओं समेत नन्हे बच्चों को अपने हाथों से चॉकलेट और मिठाइयां भेंट की.

Published : May 28, 2026 at 2:29 PM IST
रांची/खूंटी: देशभर में ईद-उल-अजहा का त्योहार बेहद हर्षोल्लास और अकीदत के साथ मनाया जा रहा है. इस मुबारक मौके पर झारखंड के खूंटी जिले से सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे की एक बेहद खूबसूरत तस्वीर सामने आई है. त्योहार के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने सड़कों पर उतरे खूंटी के एसपी ऋषभ गर्ग खुद लोगों के बीच पहुंचे और उन्हें गले मिलकर तथा मिठाइयां बांटकर ईद की मुबारकबाद दी.
खूंटी पुलिस का संवेदनशील और मानवीय चेहरा
आमतौर पर पुलिस को सुरक्षा और कड़े नियमों के रूप में देखा जाता है लेकिन त्योहार के इस पावन मौके पर खूंटी पुलिस का एक बेहद संवेदनशील और मानवीय चेहरा देखने को मिला. सुरक्षा बलों के साथ क्षेत्र का गश्त कर रहे एसपी ऋषभ गर्ग खूंटी के मुख्य चौक-चौराहों पर रुके. वहां से गुजर रहे मुस्लिम समुदाय के लोगों, बजुर्गों, युवाओं और नन्हे बच्चों को रोककर उन्होंने खुद अपने हाथों से चॉकलेट और मिठाइयां भेंट की. एसपी ने सभी से हाथ मिलाकर त्योहार की शुभकामनाएं दीं.
प्रेस विज्ञप्ति
— Khunti Police (@khuntipolice) May 28, 2026
खूँटी पुलिस
============
आज दिनांक 28.05.2026को बकरीद पर्व के अवसर पर खूँटी जिला में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में नमाज अदा की गई। इसके मद्देनजर पुलिस अधीक्षक महोदय, खूँटी द्वारा जिला अंतर्गत विभिन्न स्थलों पर विधि-व्यवस्था का निरीक्षण किया गया..(1/3) pic.twitter.com/JDd6amoks7
चॉकलेट मिलते ही खिल उठे बच्चों के चेहरे
त्योहार की खुशी के बीच पुलिस कप्तान को अपने इतने करीब पाकर लोग बेहद उत्साहित नजर आए. विशेष रूप से रंग-बिरंगे पारंपरिक कपड़ों और टोपियों में सजे छोटे बच्चों को जब एसपी ऋषभ गर्ग ने झुककर अपने हाथों से चॉकलेट दी तो बच्चों के चेहरे खिल उठे. पुलिस के इस आत्मीय व्यवहार की स्थानीय लोगों ने काफी सराहना की है.
ईद के मौके पर सुरक्षा के सख्त इंतजाम
इस मौके पर खूंटी पुलिस की ओर से जिले वासियों से शांति, आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई है. पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं ताकि लोग बिना किसी असुविधा के त्योहार का आनंद ले सकें. एसपी ऋषभ गर्ग की इस पहल ने न केवल पुलिस और जनता के बीच की दूरी को कम किया है बल्कि समाज में एकता का एक मजबूत संदेश भी दिया है.
ये भी पढ़ें- रांची में ईद-उल-अजहा की नमाज के लिए टाइमटेबल जारी, जानिए किस ईदगाह-मस्जिद में कब होगी नमाज
बकरीद: ईदगाहों व मस्जिदों में लोगों ने पढ़ी सामूहिक नमाज, नमाज के बाद दी गई कुर्बानी

