Nagaur Road Accident : डंपर और कार में आमने-सामने की भिड़ंत, पति-पत्नी समेत 3 की मौत
राजस्थान के खींवसर-माडपुरा रोड पर भीषण सड़क हादसा. कार के उड़े परखच्चे. तीन की मौत और एक गंभीर घायल को किया जोधपुर रेफर.

Published : August 24, 2026 at 10:29 PM IST
नागौर: जिले के खींवसर-माडपुरा सड़क मार्ग पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा पांचौड़ी थाना क्षेत्र में रात करीब 8 बजे हुआ, जब एक तेज रफ्तार खाली डंपर और कार में आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार खाली डंपर खींवसर से माडपुरा की ओर जा रहा था, जबकि कार माडपुरा से खींवसर की तरफ आ रही थी. इसी दौरान दोनों वाहनों में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
पढे़ं : कांवड़ियों के साथ बाइक पर आ रहे तीन युवकों को ट्रक ने कुचला, दो की मौत, एक गंभीर रूप से घायल
हादसे में सुगनाराम डूडी (45), उनकी पत्नी सुवा देवी (43) तथा मानी देवी (40) पत्नी धन्नाराम की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, धन्नाराम गंभीर रूप से घायल हो गए. बताया जा रहा है कि धन्नाराम सेवानिवृत्त फौजी हैं. हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को खींवसर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों के शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं. वहीं, गंभीर घायल धन्नाराम को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जोधपुर रेफर किया गया है.
हादसे की सूचना मिलते ही पांचौड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. थानाधिकारी ऊर्जाराम ने बताया कि दुर्घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. घटना की खबर फैलते ही खींवसर जिला अस्पताल के बाहर बड़ी संख्या में ग्रामीणों और परिजनों की भीड़ जमा हो गई. हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है.
हमारे पास सूचना आई थी कि माडपुरा में सड़क हादसा हुआ है. जिसके बाद मौके पर हम पहुंचे. डंपर और कार के बीच भिड़ंत हुई है. कार में चार लोग सवार थे, जो अपने रिश्तेदारों से मिलकर आ रहे थे. इसी दौरान डंपर और कार में टक्कर हो गई. इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. फिलहाल, तीनों के शव खींवसर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है. वहीं, एक अन्य घायल को जोधपुर रेफर किया गया है. आगे की जांच जारी है. -महावीर, हेड कांस्टेबल, पांचौड़ी थाना.

