ETV Bharat / state

खेलो झारखंड स्कूली एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य आगाज, 2500 खिलाड़ी दिखाएंगे जोश

रांची में खेलो झारखंड स्कूली एथलेटिक्स प्रतियोगिता की शुरुआत हुई है.

Khelo Jharkhand school athletics competition begins in Ranchi
बालिका वर्ग दौड़ प्रतियोगिता (खेलो झारखंड स्कूली एथलेटिक्स प्रतियोगिता) (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : October 30, 2025 at 10:54 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रांचीः झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद रांची की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय खेलो झारखंड स्कूली एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य आगाज गुरुवार को किया गया. मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में हजारों की संख्या में छात्र-खिलाड़ियों की मौजूदगी ने स्टेडियम को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया.

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के निदेशक शशि रंजन, खेलकूद और युवा कार्य निदेशालय के निदेशक शेखर जमुआर, झारखंड ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष शिवेंद्र नाथ दुबे, जेएसएसपीएस के मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी नवीन कुमार झा, झारखंड एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष चंद्रदेव सिंह, सचिव शिवकुमार पांडे, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे.

Khelo Jharkhand school athletics competition begins in Ranchi
स्कूली एथलेटिक्स प्रतियोगिता का उद्घाटन करते अधिकारी (ETV Bharat)

इस कार्यक्रम की शुरुआत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कांके (रांची) की छात्राओं के आकर्षक बैंड प्रदर्शन से हुई. जिसने पूरे मैदान में देशभक्ति और उत्साह का वातावरण बना दिया. अपने संबोधन में निदेशक शशि रंजन ने कहा कि शिक्षा विभाग का निरंतर प्रयास है कि राज्य के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक सशक्त मंच मिले. उन्होंने कहा कि खिलाड़ी सिर्फ पदक जीतने के लिए नहीं, बल्कि खेल को करियर के रूप में अपनाने के लिए आगे बढ़ें.

Khelo Jharkhand school athletics competition begins in Ranchi
स्कूली एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य आगाज (ETV Bharat)

खेल निदेशक शेखर जमुआर ने कहा कि पहले खेलों को गंभीरता से नहीं लिया जाता था लेकिन अब समय बदल गया है. उन्होंने कहा खेल से नाम, सम्मान और करियर सब कुछ संभव है. झारखंड के खिलाड़ियों में अपार संभावनाएं हैं, वे भविष्य में देश का गौरव बढ़ाएंगे.

राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने कहा कि एथलेटिक्स सभी खेलों की जननी है, क्योंकि हर खेल की नींव में दौड़, कूद और फेंक जैसी गतिविधियां शामिल हैं.

Khelo Jharkhand school athletics competition begins in Ranchi
स्कूली एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ी (ETV Bharat)

इस प्रतियोगिता के पहले दिन ट्रैक और फील्ड की कई स्पर्धाएं आयोजित की गईं. जिसमें भारी संख्या में खिलाड़ियों ने अपने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया.

अंडर-19 बालिका वर्ग की 800 मीटर दौड़ में नेहा कुमारी (हजारीबाग) प्रथम, किरांती कुमारी (जेएसएसपीएस) द्वितीय और जैकलिन (बोकारो) तृतीय रहीं.

Khelo Jharkhand school athletics competition begins in Ranchi
बालिका वर्ग दौड़ प्रतियोगिता (ETV Bharat)

बालक वर्ग में आकाशदीप किंडो (गुमला) ने स्वर्ण, अमित कुमार महतो (जेएसएसपीएस) ने रजत और सुखराम एक्का (रांची) ने कांस्य पदक जीता.

अंडर-17 बालिका वर्ग की 800 मीटर दौड़ में अनुपा उरांव (लातेहार) ने पहला स्थान हासिल किया.

अंडर-14 शॉट पुट में कांति कुमारी (हजारीबाग) और प्रत्यय पांडे (पलामू) विजेता बने, जबकि हाई जंप में आरती रानी कुजूर (लातेहार) और राजू बसेरा (दुमका) ने बाजी मारी.

Khelo Jharkhand school athletics competition begins in Ranchi
शॉट पुट फेंकता एथलीट (ETV Bharat)

इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लगभग 2500 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों के छात्रों की है. इन नवोदित खिलाड़ियों का उत्साह और उमंग यह संदेश दे रहा है कि झारखंड में खेल प्रतिभा गांव-गांव तक जीवंत है.

यह प्रतियोगिता आगामी कई दिनों तक चलेगी, जिसमें विजेता खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड टीम के गठन के लिए किया जाएगा. स्टेडियम में गूंजते जयकारों और खिलाड़ियों की मुस्कान के साथ झारखंड की खेल प्रतिभा का यह उत्सव जोश और उम्मीद से भर गया.

इसे भी पढ़ें- खेलो झारखंड के तहत हॉकी और तीरंदाजी प्रतियोगिता में स्कूली बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, राज्यभर के विद्यालयों से उमड़े खिलाड़ी

इसे भी पढ़ें- खेलो झारखंड के तहत रांची में कई प्रतियोगिताएं, राज्य स्तरीय वूशु, ताइक्वांडो और तैराकी टूर्नामेंट

इसे भी पढ़ें- खेलो झारखंड से गांव के खिलाड़ियों को काफी उम्मीदें, हजारीबाग में विभिन्न खेलों में छात्रों ने दिखाया दम