ETV Bharat / state

‘खेल की बात पीएम के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन, युवाओं और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है मुख्य उद्देश्य

‘खेल की बात पीएम के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन धनबाद, हजारीबाग और सरायकेला में किया गया.

KHEL KI BAAT PM KE SAATH PROGRAM
‘खेल की बात पीएम के साथ’ कार्यक्रम (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : August 27, 2026 at 5:30 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

धनबाद/हजारीबाग/सरायकेला: युवाओं और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आईआईटी आईएसएम में ‘खेल की बात पीएम के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के जरिए युवाओं को पढ़ाई के साथ खेलों को भी करियर के तौर पर अपनाने और अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए प्रेरित किया गया. कार्यक्रम में सांसद ढुलू महतो मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए, जबकि आईआईटी आईएसएम के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे.

खेलों में मौजूद बेहतर करियर की संभावना

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया. पीएम मोदी के खेलो इंडिया अभियान और देश में खेल प्रतिभाओं को मिल रहे प्रोत्साहन को लेकर युवाओं के साथ संवाद किया गया. लाइव सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों ने खेलों के महत्व को समझा और यह संदेश दिया गया कि आज के दौर में खेल केवल मनोरंजन या शारीरिक गतिविधि तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इसमें बेहतर करियर की भी व्यापक संभावनाएं हैं.

'खेल की बात पीएम के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन (Etv Bharat)

बेहतर अवसर और सुविधाओं पर जोर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धनबाद सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में खेलों को लेकर सकारात्मक माहौल तैयार हुआ है. पहले जहां खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था, वहीं अब खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है. उन्होंने बताया कि धनबाद में भी कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, जिन्हें सही मार्गदर्शन और सहयोग मिलने पर वह राज्य और देश का नाम रोशन कर सकते हैं.

मेरी तरफ से हरसंभव मदद का भरोसा: सांसद

सांसद ढुलू महतो ने कार्यक्रम के दौरान छात्रों के बीच अपना निजी मोबाइल नंबर भी साझा किया. उन्होंने कहा कि धनबाद का कोई भी खिलाड़ी यदि आर्थिक, संसाधन या किसी अन्य तरह की परेशानी के कारण आगे नहीं बढ़ पा रहा है, तो वह सीधे उनसे संपर्क कर सकता है. उन्होंने खिलाड़ियों को भरोसा दिलाया कि जरूरत के अनुसार, उनकी हरसंभव मदद करने का प्रयास किया जाएगा. सांसद के इस ऐलान के बाद कार्यक्रम में मौजूद छात्र-छात्राओं के बीच खासा उत्साह देखने को मिला.

विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए गंभीर संस्था: प्रो. सुकुमार मिश्रा

वहीं, आईआईटी आईएसएम के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा ने बताया कि संस्थान, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को लेकर गंभीर है. संस्थान में तकनीकी और शैक्षणिक शिक्षा के साथ विद्यार्थियों की शारीरिक और मानसिक क्षमता के विकास पर भी ध्यान दिया जाता है. उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.

युवाओं में खेलों के प्रति जागरूकता

कार्यक्रम के जरिए युवाओं को यह संदेश दिया गया कि शिक्षा और खेल एक-दूसरे के पूरक हैं. विद्यार्थी अपनी पढ़ाई जारी रखते हुए खेल प्रतिभा को भी निखार सकते हैं और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं. ‘खेल की बात पीएम के साथ’ कार्यक्रम ने युवाओं में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सकारात्मक संदेश दिया.

संवाद से खिलाड़ी और विद्यार्थी दोनों को मिला बल

हजारीबाग में पीएम मोदी के साथ वर्चुअल रूप में संत कोलंबस कॉलेज के विद्यार्थी, शिक्षक, पदाधिकारी और मेरा युवा भारत के स्वयंसेवक जुड़े. दरअसल, राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेलो इंडिया संवाद 'खेल की बात पीएम के साथ' कार्यक्रम का आयोजन हुआ. आयोजन में देश भर के 1500 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों से खिलाड़ी, विद्यार्थी समेत कई जुड़े. सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संवाद के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि उनके संवाद से खिलाड़ी और विद्यार्थी दोनों को बल मिला है.

KHEL KI BAAT PM KE SAATH PROGRAM
'खेल की बात पीएम के साथ' कार्यक्रम को देखती हुई छात्राएं (Etv Bharat)

खेल में व्यक्तित्व निर्माण की झलक

हजारीबाग के खिलाड़ी और विद्यार्थी दोनों काफी उत्साहित हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें खेल के जरिए कैसे व्यक्तित्व निर्माण करना है इस पर महत्वपूर्ण टिप्स दिए हैं. पीएम मोदी ने जब कहा कि, जो खेलेगा वही खिलेगा.

मेजर ध्यानचंद को भावपूर्ण श्रद्धांजलि

सरायकेला में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, एनआईटी जमशेदपुर में राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में 'माय भारत-खेलो इंडिया संवाद: 'पीएम मोदी के साथ खेल की बात' कार्यक्रम का गरिमामयी आयोजन संस्थान के व्याख्यान परिसर में किया गया. इस मौके पर हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती को भावपूर्ण स्मरण कर उन्हें नमन किया गया.

'खेल की बात पीएम के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन (Etv Bharat)

युवाओं को खेल भावना और समर्पण के साथ आगे बढ़ना जरूरी: अर्जुन मुंडा

​कार्यक्रम में पीएम मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित किया. ​मुख्य अतिथि अर्जुन मुंडा ने युवाओं से खेल भावना और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि सशक्त और स्वस्थ युवा ही विकसित भारत की सुदृढ़ नींव हैं.

अर्जुन मुंडा ने बताया कि खेल निर्माण और राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम हैं. उन्होंने युवाओं से खेलों में सक्रिय भागीदारी करने तथा समर्पण, दृढ़ संकल्प और खेल भावना के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की अपील की.

ये भी पढ़ें- जिस मैदान में होना है खेल महोत्सव वहां नहीं है शौचालय, अब की जा रही है वैकल्पिक व्यवस्था

राष्ट्रीय खेल दिवस पर रांची और डे-बोर्डिंग सेंटरों में होंगी खेल प्रतियोगिताएं, कैश अवार्ड पर भी मंथन

सांसद खेल महोत्सव का आगाज, 50 हजार से अधिक खिलाड़ी लेंगे हिस्सा, 1500 टीमें नमो फुटबॉल टूर्नामेंट में होंगी शामिल