खरगोन में मासूम बच्ची से हैवानियत, दुष्कर्म के बाद मर्डर, भूसे के ढेर में छिपाया शव
खरगोन के ऊन में दिल दहलाने वाली वारदात. 7 साल की मासूम को हवस का शिकार बनाया. भोपाल में भी बुजुर्ग ने की शर्मनाक हरकत.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : May 6, 2026 at 7:46 PM IST
खरगोन/भोपाल : ऊन क्षेत्र में रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है. मंगलवार रात 7 वर्षीय बच्ची की दुष्कर्म के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई. दरिंदे ने वारदात को अंजाम देने के बाद मासूम के शव को खलिहान में रखे गेहूं के भूसे के ढेर में छिपा दिया. मासूम का शव मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव और शोक का माहौल है. सेगांव चौकी क्षेत्र के एक गांव की ये शर्मनाक घटना है.
घर के बाहर से गायब हुई बच्ची
बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी, जहां पास ही एक विवाह कार्यक्रम चल रहा था. जब काफी देर तक बच्ची घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की. करीब डेढ़ घंटे की तलाश के बाद गांव के ही एक खलिहान में भूसे के नीचे दबी हुई उसकी लाश मिली. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने 3 विशेषज्ञ डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराने का निर्णय लिया.
पुलिस ने कई टीमें बनाईं, संदिग्धों से पूछताछ
पुलिस को फिलहाल शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे दुष्कर्म की आधिकारिक पुष्टि और मौत के सटीक कारणों का पता चल सके. हालांकि, प्राथमिक लक्षणों के आधार पर पुलिस इसे दुष्कर्म के बाद गला दबाकर की गई हत्या मानकर जांच कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं. पुलिस विवाह समारोह में आए मेहमानों और गांव के संदिग्धों से पूछताछ कर रही है. फॉरेंसिक टीम (FSL) ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं.
- छिंदवाड़ा में दिल दहला देने वाली वारदात, ममेरे भाई ने 7 साल की बहन से किया दुष्कर्म, हत्या कर शव दफनाया
- नाबालिग से दुष्कर्म कर खिलाई कॉन्ट्रासेप्टिव पिल्स, इलाज के दौरान मौत, बुरहानपुर से सनसनीखेज मामला
गांव में भारी पुलिस बल तैनात
मासूम की हत्या की खबर फैलते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. पुलिस ने पीड़ित परिजनों को आश्वासन दिया है कि अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. यह एक अत्यंत जघन्य अपराध है. एएसपी शकुंतला रुहल का कहना है "मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हर पहलू की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलते ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी. दोषी किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे."
भोपाल में 75 साल के बुजुर्ग ने 5 साल की बच्ची को नहीं छोड़ा
भोपाल में भी शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. 75 साल के बुजुर्ग ने 5 साल की बच्ची के साथ गंदा काम किया. बच्ची आरोपी को नाना बोलती थी. आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. मामला हबीबगंज थाना इलाके का है. आरोपी एडवोकेट रह चुका है. बच्ची पड़ोसी आरोपी की नातिन साथ खेलने गई थी. उसी समय उसके साथ गलत हरकत की गई. आरोपी बच्ची को दूसरे कमरे में ले गया और उसके साथ गलत हरकत की.
प्राइवेट पार्ट में तकलीफ होने पर अगले दिन बच्ची ने अपनी मां को पूरी बात बताई. माता-पिता बच्ची को लेकर पहले अस्पताल गए. बच्ची के प्राइवेट पार्ट में खरोच जैसे निशान थे. डॉक्टर ने जांच के बाद गलत काम होने की आशंका जताई. पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया "5 साल की बच्ची से शर्मनाक हरकत करने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है.

