ETV Bharat / state

मंगला एक्सप्रेस में केरल के 50 स्कूली बच्चों को फूड पॉइजनिंग, खंडवा में उपचार, 40 मिनट रुकी ट्रेन

दिल्ली से केरल वापस जा रहे स्कूली बच्चों को ट्रेन के पेंट्री कार का खाना खाने के बाद उल्टी-दस्त. दीपक सपकाल की रिपोर्ट.

Mangala Express Food Poisoning
मंगला एक्सप्रेस में 50 स्कूली बच्चों को फूड पॉइजनिंग (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : August 29, 2026 at 12:32 PM IST

|

Updated : August 29, 2026 at 12:39 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

खंडवा : मंगला एक्सप्रेस से दिल्ली से केरल के त्रिशूर लौट रहे 50 बच्चे फूड पॉइजनिंग के शिकार हो गए. सभी बच्चों को उल्टी-दस्त की शिकायत हुई. खंडवा पहुंचते ही बच्चों को ट्रेन से उतारा गया. ये बच्चे स्कूल टूर पर दिल्ली गए थे. खंडवा रेलवे स्टेशन पर पहले से सूचना दे दी गई. इसलिए स्टेशन पर मेडिकल स्टाफ तैनात कर दिया गया. ट्रेन के खंडवा पहुंचते ही बच्चों का उपचार शुरू किया गया. बच्चों के साथ मेडिकल स्टाफ खंडवा से भुसावल तक साथ गया.

इटारसी क्रॉस करते ही बच्चों की तबियत बिगड़ी

केरल के त्रिशूर से 80 स्कूली बच्चों का ग्रुप टूर पर दिल्ली गया था. इनके साथ स्कूल के टीचर व अन्य स्टाफ भी था. स्कूली बच्चे मंगला एक्सप्रेस-12618 से शुक्रवार को दिल्ली से रवाना हुए. टीचर्स व बच्चों का कहना है "उन्होंने पूरे समय पेंट्रीकार का ही खाना गया. इटारसी के बाद अचानक 50 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई. चक्कर, उल्टी-दस्त से बच्चे बेहाल हो गए. बच्चों को फूड पॉइजनिंग की जानकारी मिलने पर खंडवा स्टेशन पर सूचना दी गई."

खंडवा स्टेशन पर 40 मिनट तक रुकी ट्रेन

खंडवा स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने से पहले ही सीएमएचओ ओपी जुगतावत, जिला अस्पताल से सिविल सर्जन डॉ.अनिरुद्ध कौशल और डॉक्टरों की टीम पहुंच गई. खंडवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 5 पर रात करीब 9.05 बजे ट्रेन के रुकते ही बच्चों को उतारा गया. सिविल सर्जन डॉ.अनिरुद्ध कौशल ने बताया "रेलवे के डॉक्टर भी साथ में थे. करीब 50 बच्चों ने बताया कि उन्हें चक्कर और उल्टी-दस्त हो रहे हैं. मेडिकल स्टाफ ने बच्चों का प्राथमिक उपचार दिया. इसके बाद बच्चों को ट्रेन में वापस बैठाया गया. ट्रेन रात 9.45 बजे आगे की ओर रवाना हुई."

पेंट्री कार का खाना खाने के बाद बच्चे बीमार

स्कूली बच्चों ने बताया कि उन्होंन इटारसी स्टेशन के पास पेंट्री कार का खाना खाया था. इसके कुछ ही देर बाद सभी को उल्टियां होने लगी. कुछ बच्चों को चक्कर आने लगे. साथ में चल रहे स्कूल स्टाफ ने ट्रेन में रेलवे स्टाफ को इसकी जानकारी दी. खंडवा रेलवे स्टेशन मास्टर जीएल मीणा ने बताया "मंगला लक्षद्वीप एक्सप्रेस रात करीब 9 बजकर 5 मिनट पर यहां पहुंची. बच्चों की तबीयत खराब होने की सूचना पहले ही मिल चुकी थी. इसलिए स्टेशन पर डॉक्टरों की टीम को तैयार रखा गया."

Last Updated : August 29, 2026 at 12:39 PM IST