ब्यूटी पार्लर में संदिग्ध हालात में मिला संचालिका का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतका की पहचान रानी साहिबा के रूप में हुई है, जो बरदहिया बाजार के मुस्तफा मार्केट में एंजल ब्यूटी पार्लर का संचालन करती थी.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : May 1, 2026 at 3:56 PM IST
संतकबीरनगर: खलीलाबाद के मुस्तफा मार्केट में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक ब्यूटी पार्लर संचालिका का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता हुआ मिला. मृतका की पहचान 23 वर्षीय रानी साहिबा के रूप में हुई है, जो बरदहिया बाजार के मुस्तफा मार्केट में एंजल ब्यूटी पार्लर का संचालन करती थी.
परिजनों के अनुसार, रानी साहिबा प्रतिदिन की तरह सुबह करीब 10 बजे अपना पार्लर खोलने गई थी. शाम करीब 7.30 बजे जब परिजनों ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की और कॉल रिसीव नहीं हुआ, तो अनहोनी की आशंका में परिजन पार्लर पहुंचे. वहां पार्लर का दरवाजा अंदर से बंद मिला. जब परिजनों ने दरवाजा तोड़ा और अंदर प्रवेश किया, तो तीसरी मंजिल की सीढ़ियों के पास रानी साहिबा का शव फंदे से लटकता मिला.
परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल खलीलाबाद ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. उन्होंने इस मामले में हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. कोतवाल जय प्रकाश दूबे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा, फिलहाल मामले की गहनता से जांच की जा रही है.

