खैरागढ़ में युवक ने की जान देने की कोशिश, जांच में जुटी पुलिस
खैरागढ़ का साल्हेवारा इलाके में एक युवक ने जान देने की कोशिश की है. उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : July 1, 2026 at 5:38 PM IST
खैरागढ़: छत्तीसगढ़ के वनांचल जिले खैरागढ़ छुईखदान और गंडई में युवक ने जानलेवा कदम उठा लिया. बुधवार को एक 18 साल के युवक ने जान देने की कोशिश की है. युवक की हालत गंभीर है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटना के बाद मची अफरा तफरी
युवक के इस जानलेवा कदम से अफरा तफरी मच गई. युवक ने जैसे ही घातक कदम उठाया. उसके बाद परिजनों में चीख पुकार मच गई. ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को दी. युवक का नाम योगेश मरकाम बताया जा रहा है. उसकी उम्र महज 18 साल है. बताया जा रहा है कि आग की लपटों में झुलसने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
युवक को जिला अस्पताल किया गया रेफर
सूचना मिलते ही साल्हेवारा से 108 एम्बुलेंस मौके पर रवाना की गई. एम्बुलेंस पायलट सतीश वर्मा और ईएमटी चन्द्रपाल ने घायल युवक को प्राथमिक उपचार देते हुए तत्काल साल्हेवारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया.
प्रारंभिक उपचार के बाद युवक को जिला अस्पताल भेज दिया गया है. परिजनों और आसपास के लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है. घटना की जानकारी जुटाई जा रही है. युवक ने यह घातक कदम क्यों उठाया. इसकी जांच की जा रही है- आलोक साहू, थाना प्रभारी, साल्हेवारा
घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. युवक के इस कदम के पीछे क्या वजह रही, इसका अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है. इस केस में पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

