ETV Bharat / state

खैरागढ़ के साल्हेवारा बांध में डूबने से दो बच्चों की मौत, एक किशोर की जान बची

होली पर खैरागढ़ के ईटार और बरबसपुर क्षेत्र में गहरा सन्नाटा पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

KHAIRAGARH
खैरागढ़ बच्चों की मौत (ETV Bharat Chhattisgarh)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : March 3, 2026 at 7:33 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

खैरागढ़: जिला मुख्यालय के पास ग्राम ईटार में सोमवार को एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबा दिया. भीषण गर्मी के बीच नहाने के लिए गए तीन बच्चों में से दो की पानी में डूबने से मौत हो गई, जबकि तीसरा किशोर झाड़ियों का सहारा मिलने से किसी तरह बाहर निकल सका.

चावल पिसाने गए थे चक्की, वहां से बांध गए बच्चे

ईटार निवासी तनिश डहारे 9 वर्ष, समीर सोनवानी 12 वर्ष और कुलेश्वर सोनवानी 13 वर्ष सोमवार दोपहर को बरबसपुर स्थित आटा चक्की में चावल पिसाने गए थे. काम निपटाने के बाद तीनों पास ही स्थित साल्हेवारा बांध की ओर निकल पड़े. तेज गर्मी से राहत पाने के लिए बच्चों ने बांध में नहाने का फैसला किया, लेकिन उन्हें पानी की गहराई का अंदाजा नहीं था.

गहराई बनी जानलेवा

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, नहाने के दौरान तनिश और समीर अचानक गहरे पानी में चले गए और संभल नहीं पाए. उनके साथ मौजूद कुलेश्वर भी पानी में फंस गया था, लेकिन किनारे पर उगी बेसरम की झाड़ियों में अटक जाने से उसे सहारा मिल गया. झाड़ियों को पकड़कर वह किसी तरह बाहर निकल आया और दौड़ते हुए गांव पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी.

बच्चों के डूबने की खबर से गांव में हड़कंप

सूचना मिलते ही ग्रामीण और परिजन बदहवास हालत में बांध की ओर दौड़े. काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया. इसी बीच गातापार पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल जिला अस्पताल खैरागढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद बच्चों को मृत घोषित कर दिया.

खैरागढ़ पुलिस की कार्रवाई

पुलिस विभाग के अनुसार घटनास्थल का मुआयना कर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर ली गई है. शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है. खैरागढ़ एडिशनल एसपी नितेश कुमार गौतम ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और सभी पहलुओं पर जांच जारी है.

होली पर गांव में पसरा सन्नाटा

होली से पहले दो घरों के चिराग बुझ गए. एक ही गांव के दो मासूमों की असमय मौत से ईटार और बरबसपुर क्षेत्र में गहरा सन्नाटा पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

प्रचंड गर्मी में हीट स्ट्रोक रूम देगा त्वरित उपचार, रायपुर जिला अस्पताल में गंभीर मरीजों के लिए बड़ी सुविधा
होली पर कैसा रहेगा आपके शहर का तापमान, जानिए रंगपंचमी पर पिछले 5 साल का टेंप्रेचर रिकार्ड
होली में निखरा पिचकारी हर्बल गुलाल के बाजार का रंग, सजावटी समान समेत मिठाई दुकानों में उमड़ी भीड़