KGMU लव जिहाद केस; आरोपी डॉक्टर रमीज पर 25 हजार का इनाम, पुलिस कर रही तलाश
पीड़िता मां के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कर चुकी है मुलाकात, सीएम ने कड़े निर्देश दिए थे.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 2, 2026 at 10:42 PM IST
लखनऊ : किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में यौन शोषण और जबरन धर्मांतरण के दबाव के आरोपी रेजिडेंट डॉक्टर रमीजुद्दीन नाइक उर्फ रमीज मलिक पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है. इससे पहले जिला अदालत ने आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था. सीएम योगी के डॉक्टर की गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए जाने के बाद पुलिस की 5 टीमें 2 राज्यों के अलग-अलग जिलों में छानबीन कर रही हैं. गिरफ्तारी न होने पर अब पुलिस कुर्की की कार्रवाई की तैयारी में है.
इंस्पेक्टर चौक नागेश उपाध्याय के मुताबिक, आरोपी रमीज मलिक पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया गया है. उन्होंने बताया कि डॉक्टर रमीज मलिक अपना मोबाइल बंद कर लगातार लोकेशन बदल रहा है. पुलिस लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, बरेली, बनबासा और टनकपुर में दबिश दे रही है. पुलिस अब आरोपी के करीबियों और रिश्तेदारों के मोबाइल फोन की भी सर्विलांस के जरिए निगरानी कर रही है.
पुलिस की 15 दिनों की नाकामयाबी के बाद कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है, यदि आरोपी रमीज जल्द गिरफ्तार नहीं होता है, तो पुलिस उसकी संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू करेगी. गुरुवार को पीड़िता का मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराया गया था. बता दें कि बुधवार को पीड़िता ने अपनी मां के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी. मुख्यमंत्री ने पीड़िता की आपबीती सुनने के बाद पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आरोपी डॉक्टर की हर हाल में गिरफ्तारी की जाए.
यह था पूरा मामला : केजीएमयू के पैथालॉजी विभाग में तैनात रेजीडेंट डॉ. रमीज मलिक पर महिला रेजीडेंट डॉक्टर ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण और धर्मांतरण का आरोप लगाया था. आरोप था कि धर्मांतरण न करने पर रमीज ने शादी से इनकार कर दिया था. इससे त्रस्त होकर महिला डाॅक्टर ने खुदकुशी की कोशिश की थी. पीड़िता पश्चिम बंगाल की रहने वाली है. उसने चौक कोतवाली में लिखित तहरीर दी थी कि वह जुलाई में डॉ. रमीज के संपर्क में आई थी. उसका आरोप था कि डॉ. रमीज ने शादी का झांसा देकर उसका कई महीने तक शोषण किया था. पुलिस ने डॉ. रमीज के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था. पश्चिम बंगाल की पीड़िता महिला डॉक्टर ने आरोप लगाया था कि डॉ. रमीज ने पहले भी एक हिंदू महिला डॉक्टर का धर्मांतरण कराकर उससे निकाह किया है, जो वर्तमान में नोएडा के एक अस्पताल में तैनात है.
यह भी पढ़ें : KGMU लव जिहाद केस; आरोपी डॉक्टर रमीज के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी, 5 राज्यों में छापेमारी

