ETV Bharat / state

केरलम का युवक दुर्ग के शिवनाथ नदी में डूबा, CPR देने के बाद भी नहीं बची जान

मृतक युवक केरलम के एर्नाकुलम का रहने वाला था और दोस्तों के साथ नहाने के लिए नदी में उतरा था.

KERALAM MAN DROWNED IN DURG
केरलम का युवक दुर्ग के शिवनाथ नदी में डूबा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : June 8, 2026 at 3:54 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

दुर्ग: शिवनाथ नदी घूमने गए केरलम के युवक की डूबने से मौत हो गई. मृतक युवक का नाम आशिन ओ.एस था और उसकी उम्र महज 24 साल थी. मृतक आशिन केरलम के एर्नाकुलम का रहने वाला था और भिलाई के सुपेला इंडियन कॉपी हाउस में वेटर का काम करता था. हादसा रविवार को हुआ जब आशिन अपने दोस्तों को नदी किनारे छोड़ पानी में अकेले नहाने के लिए उतर गया. सभी दोस्त छुट्टी का आनंद लेने के लिए रसमढ़ा-पिपरछेड़ी स्थित शिवनाथ नदी पहुंचे थे. लेकिन हादसे के बाद सभी दोस्त अब गमजदा हैं.

शिवनाथ नदी में डूबा केरल का युवक

आशिन के साथ शिवनाथ नदी घूमने गए दोस्तों की मानें तो आशिन को तैरना आता था, लेकिन उसे नदी की गहराई का अंदाजा नहीं मिला और वो गहरे पानी में डूब गया. आशिन के दोस्तों ने जब देखा कि वो डूब रहा है तो वो घबरा गए. आनन फानन में दोस्तों ने मदद के लिए डायल 112 को फोन किया. खबर मिलते ही मौके पर डायल 112 की टीम एंबुलेंस के साथ पहुंच गई. काफी कोशिशों के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला गया. आशिन को तत्काल अस्पताल ले जाने के लिए लोग एंबुलेंस बैठे और रास्ते में मेडिकल टीम ने उसे सीपीआर भी दिया, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ.

केरलम का युवक दुर्ग के शिवनाथ नदी में डूबा (ETV Bharat)

मेडिकल टीम ने सीपीआर देकर जान बचाने की कोशिश की

जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलगांव थाना क्षेत्र की अंजोरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने आस-पास मौजूद लोगों और मृतक के दोस्तों से पूछताछ की है. आशिन के दोस्तों की मानें तो आशिन अविवाहित था और अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था, उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. सुपेला के जिस इंडियन कॉफी हाउस में वो काम करता था वहां भी लोग दुखी हैं.

एर्नाकुलम में होगा अंतिम संस्कार

सोमवार सुबह जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई. इसके बाद उसके पार्थिव शरीर को रायपुर से विमान के जरिए केरलम भेजने की व्यवस्था की गई, जहां उसके गृह नगर में अंतिम संस्कार किया जाएगा. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नदी में सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने और खतरनाक गहरे हिस्सों में चेतावनी के बोर्ड लगाने की मांग की है.

नदी में नहाने के दौरान इन बातों का रखें ध्यान

  • अगर तैरना नहीं जानते हैं तो नदी में नहीं उतरें
  • चेतावनी वाले बोर्ड को पढ़े और नियमों का पालन करें
  • नदी में फिसलन होती है उसका ध्यान रखें
  • तेज बहाव में जाने से बचें
  • दूसरों के बहकावे में आकर पानी में नहीं उतरें
  • नहाने के दौरान सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करें

BSP स्क्रैप चोरी केस: फरार मास्टरमाइंड पिता-पुत्र पर इनाम घोषित, 8 आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल

एक गलती से लाखों का धान स्वाहा, कुड़िया धान खरीदी केंद्र में आग की घटना

बच्चों की लड़ाई में दो पक्षों में हुई चाकूबाजी, कई घायल तीन की हालत गंभीर