ETV Bharat / state

नेशनल वॉलीबाल टूर्नामेंट में केरला VS रेलवे; महिला व पुरुष वर्ग की टीमों का फाइनल आज

72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप के सातवें दिन कई रोचक मुकाबले, केरला और रेलवे को मिली जीत.

Photo Credit; ETV Bharat
नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : January 11, 2026 at 10:31 AM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

वाराणसी: डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम (सिगरा) में नगर निगम की तरफ से आयोजित 72वां सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप अब फाइनल की ओर पहुंच गया है. वहीं सातवें दिन शनिवार को महिला व पुरुष दोनों वर्गों के सेमीफाइनल मुकाबलों में जबरदस्त घमासान देखने को मिला. शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए महिला वर्ग में केरला और रेलवे तथा पुरूष वर्ग में रेलवे और केरला की टीमों ने अपने-अपने मैच जीतकर फाइनल में जगह पक्की कर ली है. रविवार को महिला व पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला होगा. इस दौरान केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया और डिप्टी सीएम बृजेश पाठक मौजूद रहेंगे.

केरला ने हरियाणा को 3-0 से दी शिकस्त: महिला वर्ग का पहला सेमीफाइनल मुकाबला प्रतिद्वंद्वी केरला और हरियाणा के बीच खेला गया. बेहद रोमांचक और संघर्षपूर्ण रहे इस मुकाबले में केरला ने हरियाणा को 3-0 से शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले में अपनी जगह सुरक्षित कर ली. केरला की अनाघा आर. ने पूरे मैच के दौरान अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों की वाहवाही लूटी.

खेल के पहले दो सेट केरला ने 25-19 और 25-21 से आसानी से अपने नाम किए. तीसरा सेट इस चैंपियनशिप के सबसे यादगार सेटों में से एक रहा. हार की कगार पर खड़ी हरियाणा की टीम ने पलटवार किया और स्कोर को 33-33 की बराबरी पर ला खड़ा किया. हरियाणा की ओर से निशा और पूजा ने जोरदार संघर्ष किया, लेकिन निर्णायक क्षणों में केरला की अन्न मैथ्यू, एंजल थॉमस और एन वी जैकब के अनुभव ने मैच केरला के पक्ष में मोड़ दिया. केरला ने यह सेट 35-33 से जीतकर फाइनल में प्रवेश किया. केरला की अनाघा आर. ने मैच जिताऊ प्रदर्शन किया. भूमिका और नंदना ने डिफेंस में मजबूती प्रदान की.

​रेलवे की रफ्तार के आगे थमा राजस्थान: वहीं दूसरे सेमीफाइनल में रेलवे की टीम ने राजस्थान के खिलाफ अपनी बादशाहत कायम रखी. बेहद रोमांचक और संघर्षपूर्ण रहे इस मुकाबले में महिला वर्ग के दूसरे सेमीफाइनल में रेलवे ने राजस्थान को 3-1 से शिकस्त देकर फाइनल का टिकट कराया. रेलवे ने मैच की आक्रामक शुरुआत करते हुए पहले दो सेट 25-13 और 25-16 के बड़े अंतर से जीते. तीसरे सेट में राजस्थान ने जबरदस्त वापसी की और 26-24 से सेट जीतकर मैच को रोमांचक बना दिया, लेकिन चौथे सेट में रेलवे ने फिर से लय हासिल की और 25-19 से जीत दर्ज कर मैच 3-1 से अपने नाम कर लिया.

रेलवे टीम ने राजस्थान को पछाड़ा: ​रेलवे की टीम ने अपनी सधी हुई रणनीति और अनुभव से राजस्थान को पस्त किया. प्रेरणा पाल ने राजस्थान की दिग्गज खिलाड़ियों को अपने ब्लॉक से रोके रखा. हालांकि राजस्थान की टीम ​भले ही मैच हार गया, लेकिन तीसरे सेट में उन्होंने जिस तरह 26-24 से जीत दर्ज की, उसने स्टेडियम में मौजूद हर दर्शक को खड़े होने पर मजबूर कर दिया.

सर्विसेज को पटखनी दे फाइनल में पहुंचा रेलवे: बेहद उतार-चढ़ाव भरे और सांस रोक देने वाले मुकाबले में भारतीय रेलवे ने सर्विसेज को 3-2 से पराजित कर पुरुष वर्ग के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. 5 सेटों तक चले इस महामुकाबले में रेलवे ने न केवल अपना धैर्य दिखाया, बल्कि निर्णायक मौकों पर अंक बटोरकर सर्विसेज के फाइनल में पहुंचने के सपने को तोड़ दिया. मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली. सर्विसेज ने पहला सेट 25-22 से जीतकर दबाव बनाया, लेकिन रेलवे ने दूसरे सेट में 25-23 से वापसी की. तीसरा सेट फिर सर्विसेज के नाम रहा, जिससे एक समय लगा कि रेलवे यह मैच गंवा देगी. हालांकि, चौथे सेट में संजय मलिक और अंगमुथु के दमदार स्मैश की बदौलत रेलवे ने 25-17 से जीत दर्ज कर मैच को पांचवें सेट में खींच लिया. निर्णायक सेट में रेलवे ने 15-13 से बाजी मारी.

पंजाब को हराकर केरला फाइनल में: ​पुरुष वर्ग के एक बेहद रोमांचक और संघर्षपूर्ण सेमीफाइनल मुकाबले में केरला की टीम ने अपने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पंजाब को सीधे सेटों में 3-0 से पराजित कर दिया. इस जीत के साथ ही केरला ने टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. ​​मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली. पंजाब के खिलाड़ियों ने जबरदस्त प्रतिरोध दिखाया, लेकिन केरला के आक्रामक स्मैश और सटीक ब्लॉक के आगे उनकी एक न चली. केरला ने ये मुकाबला 25-23, 25-23 और 25-22 के अंतर से अपने नाम किया.

रविवार को इनके बीच होगा फाइनल मुकाबला:

  • पुरुष वर्ग का फाइनल केरला और रेलवे के बीच खेला जाएगा.
  • महिला वर्ग का फाइनल केरला और रेलवे के बीच खेला जाएगा.

यह भी पढ़ें: योगी सरकार के नाम एक और उपलब्धि; यूपी पुलिस के 'मेटा सुसाइडल अलर्ट' और 'महाकुंभ ICCC' को मिला अवार्ड