आज से केदारनाथ हाईवे पर यातायात सुचारु होने की संभावना, अंतिम चरण में पुल का एप्रोच कार्य
यातायात निरीक्षक कैलाश शर्मा और पुलिस उपाधीक्षक ने केदारनाथ हाईवे सुधारीकरण कार्य जायजा लिया.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : December 29, 2025 at 7:27 AM IST
रुद्रप्रयाग: केदारनाथ हाईवे पर आज से यातायात सुचारु होने की संभावना जताई जा रही है. हाईवे पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और यात्रियों की सुविधा के दृष्टिगत पुलिस प्रशासन सक्रिय है. पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग प्रबोध कुमार घिल्डियाल ने जवाड़ी बाईपास पर निर्माणाधीन पुल की एप्रोच रोड के सुधारीकरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान मौजूद यातायात निरीक्षक कैलाश शर्मा और पुलिस उपाधीक्षक ने कार्यदायी संस्था को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय जनता और श्रद्धालुओं को आवागमन में हो रही असुविधा से जल्द राहत मिल सके. पुलिस प्रशासन ने आम जनमानस से सहयोग की अपील की है.
इस मानसून सीजन के दौरान अत्यधिक वर्षा और भूधंसाव के कारण जवाड़ी बाईपास की एप्रोच रोड कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे सुरक्षा की दृष्टि से लगभग सप्ताह भर पहले यहां पर यातायात पूरी तरह रोक दिया गया था. पुलिस उपाधीक्षक ने कार्यदायी संस्था द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की. उन्होंने बताया कि मार्ग को ठीक करने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है और कल तक (आगामी दिवस) इस मार्ग को यातायात के लिए पुनः सुचारु कर दिया जाएगा. जब तक कार्य पूर्ण नहीं होता, तब तक तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि, ऊखीमठ और केदारघाटी की ओर जाने वाले वाहनों को रुद्रप्रयाग कस्बे से बेलनी पुल होते हुए भेजा जा रहा है. साथ ही, कुछ वाहनों को टिहरी-चिरबटिया-मयाली-तिलवाड़ा मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी जा रही है.
गौर हो कि मॉनसून के दौरान हुई क्षतियों की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण कार्य को लेकर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद है. इस मॉनसून सीजन के दौरान सड़क को भारी क्षति पहुंची है, जिसे लगातार दुरुस्त किया जा रहा है. प्रशासन के अधिकारियों द्वारा ने संबंधित विभागों व पुलिस को मार्ग बंदी की अवधि में वैकल्पिक मार्गों पर सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं. जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो. वहीं मानसून में केदारनाथ हाईवे जगह-जगह भूस्खलन से टूट गया था. मार्ग काफी लंबा और अति संवेदनशील होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है.
पढ़ें:

