पशु तस्करी के खिलाफ केसीजी पुलिस का शिकंजा, मवेशियों से भरे दो पिकअप जब्त
साल्हेवारा पुलिस ने मवेशी तस्करी के दो अलग अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : August 22, 2026 at 1:09 PM IST
खैरागढ़: केसीजी जिले में पशु तस्करी के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है. साल्हेवारा पुलिस ने दो अलग अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 भैंस-भैंसे, दो पिकअप वाहन और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं. जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 12.08 लाख रुपये बताई गई है.
पिकअप में नागपुर ले जा रहे थे मवेशी
खैरागढ़ पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि मवेशियों को पिकअप वाहनों में ठूंसकर बिना चारा-पानी के नागपुर की ओर ले जाया जा रहा है. सूचना मिलते ही साल्हेवारा थाना के सामने नाकाबंदी की गई. जांच के दौरान दो अलग-अलग पिकअप वाहनों में कुल 10 मवेशी क्रूरता पूर्वक भरे मिले. आरोपियों से परिवहन और खरीदी-बिक्री से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके.

गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पहले मामले में अमन मेरावी और अजय वीके, जबकि दूसरे मामले में हरिशंकर ध्रुव और उमेश कुमार साहू को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम और मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है.
आगे भी जारी रहेगी पशु तस्करों पर कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रूपेश कुमार डंडे ने बताया कि पशु तस्करी और पशुओं के साथ क्रूरता करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी. जिले में ऐसे मामलों पर नजर रखी जा रही है और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी. चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.

