कवर्धा हत्याकांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, बंद बोरे में मिली थी लाश
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि ब्लैकमेलिंग के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : May 31, 2026 at 1:00 PM IST
कवर्धा: शनिवार को सोढ़ा नहर के पास से एक अज्ञात शव पुलिस ने बरामद किया था. बरामद शव को बोरे में बंद कर फेंका गया था. पुलिस ने मृतक की पहचान करने के बाद आरोपी की तलाश शुरू की. जांच के दौरान पता चला कि हत्या की इस वारदात को तीन लोगों ने मिलकर अंजाम दिया है. आरोप है कि मृतक युवक एक महिला को ब्लैकमेल कर रहा था. ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर महिला ने 2 और लोगों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया.
मोबाइल लोकेशन से मिला हत्यारों का सुराग
पुलिस ने हत्यारों तक पहुंचने के लिए मृतक के मोबाइल फोन का लोकेशन ट्रैक किया. जांच के दौरान ये पता चला कि मौत से पहले मृतक युवक एक घर के पास मौजूद था. मोबाइल लोकेशन से जब ये पुष्टि हो गई कि मौत से पहले युवक एक मकान पर ठहरा था. इसके बाद पुलिस ने संबंधित मकान में रहने वाले लोगों से पूछताछ शुरू की. पुलिस ने जब सख्ती बरती तो मकान में रहने वाले लोगों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली. आरोपी महिला ने अपना गुनाह कबूल करते हुए कहा कि मृतक युवक उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा था. ब्लैकमेल से परेशान होकर उसने ये कदम उठाया.
नहर से मिली थी लाश
महिला ने पुलिस को बताया कि उसके फोटोग्राफ्स युवक के पास थे. उन फोटोग्राफ्स को दिखाकर वो महिला को प्रताड़ित किया करता था. वारदात वाले दिन महिला ने युवक को अपने घर बुलाया और उसपर जानलेवा हमला कर दिया. हत्या की इस वारदात में महिला के पति और उसके देवर ने भी शव को ठिकाने लगाने में मदद की. हत्या के बाद तीनों ने शव को ट्रैक्टर की मदद से नहर तक पहुंचाया और वहां पर शव को बोरे में बंद कर फेंक दिया. पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीनों लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है.
जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो पक्षों में लाठी डंडे चले
धर्म वापसी का आदिवासी परिवारों ने किया स्वागत, बीजेपी विधायक भावना बोहरा का सम्मान
कवर्धा में धर्म वापसी अभियान, बीजेपी विधायक भावना बोहरा ने की अगुवाई, 100 आदिवासियों की घर वापसी

