शाबाश खुशबू; मंगलसूत्र छीनकर भाग रहे लुटेरे को बाइक से घसीट कर सिखाया सबक
कौशांबी में कोखराज थाना क्षेत्र के पल्टीपुर गांव की घटना.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 5, 2026 at 12:40 PM IST
कौशांबी : बदमाशों से भिड़ने वाली महिलाओं के साहस और बहादुरी की अनगिनत मिसालें हैं. ऐसी ही जांबाज महिलाओं में कौशांबी की खूशबू ने अपनी सूझबूझ और साहस से बदमाशों के चंगुल से मंगलसूत्र बचाने में अपना नाम दर्ज करा लिया है. खुशबू ने बदमाशों से न सिर्फ अपना मंगलसूत्र बचा लिया, बल्कि बदमाशों को भागने पर मजबूर कर दिया.
वारदात कोखराज थाना क्षेत्र के पल्टीपुर गांव के पास की है. यहां खुशबू देवी अपने पति अनिल कुमार के साथ अंडा और चाय-नाश्ते की दुकान चलाती हैं. शनिवार शाम करीब 5:30 बजे बिना नंबर की बाइकसवार दो युवक ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचे. युवकों ने अंडे बनाने का ऑर्डर दिया. खुशबू देवी जैसे ही अंडे लेकर युवकों के पास पहुंचीं. बाइक पर पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले से मंगलसूत्र खींच लिया और भागने लगे.
खुशबू देवी ने बिजली की फुर्ती से बिना डरे बाइक के पीछे बैठे बदमाश की शर्ट पकड़कर नीचे गिरा दिया. इसके बाद बीच सड़क पर महिला और लुटेरे के बीच हाथापाई होने लगी. खुशबू को खुद पर भारी पड़ता देख बदमाश युवक सहम गए और मंगलसूत्र फेंककर फरार हो गए. वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस बिना नंबर की बाइक और हुलिये के आधार पर आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है. पल्टीपुर गांव के लोग खुशबू की बहादुरी की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
सीओ सिराथू सत्येंद्र कुमार तिवारी के मुताबिक महिला के शिकायत पर जांच की जा रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लुटेरों की शिनाख्त और तलाश की जा रही है. जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
यह भी पढ़ें : आगरा की जांबाज महिला, फरार हो रहे चोर को दबोचा
यह भी पढ़ें : राह चलते लोगों से लूटपाट करने वाले 5 लुटेरों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

