मलबे से अस्पताल तक चीख-पुकार, अब तक 14 की मौत!
कौशांबी ब्लास्ट: जिंदगी की जंग हारी उर्वशी.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : September 2, 2026 at 4:38 PM IST
|Updated : September 2, 2026 at 5:05 PM IST
कौशांबी: पिपरी के महमूदपुर मनौरी स्थित पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट मामले में मौत का आंकड़ा बढ़कर 14 पहुंच गया है. हादसे में गंभीर रूप से झुलसी 16 वर्षीय उर्वशी ने प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. हादसे में झुलसे तीन लोग अभी भी जिंदगी और मौत से जंग लड़ रहे हैं.

एक और जिंदगी खत्म: अस्पताल में भर्ती 16 वर्षीय उर्वशी की हालत शुरू से ही बेहद नाजुक बनी हुई थी. डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उर्वशी जिंदगी की जंग हार गई. उर्वशी की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.

क्या कार्रवाई हुई: इस मामले में प्रशासनिक स्तर पर राहत और बचाव कार्य के बाद अब जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया चल रही है. रिहायशी इलाके के करीब यह अवैध पटाखा फैक्ट्री इतने लंबे समय से किसकी शह पर चल रही थी, इसे लेकर स्थानीय प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी. हादसे के तुरंत बाद फरार हुए मुख्य आरोपी नौशाद को गिरफ्तार कर लिया गया.

कौशांबी के पिपरी थाना इलाके के महमूदपुर मनौरी में सोमवार को अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्ट्री में अचानक जोरदार धमाका हुआ था. विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि पूरी इमारत ताश के पत्तों की तरह ढह गई और कई किलोमीटर दूर तक इसकी आवाज सुनाई दी थी. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई थी. मलबे से कई लोगों के शव क्षत-विक्षत हालत में निकाले गए थे, जबकि गंभीर रूप से झुलसे लोगों को तत्काल प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

यह भी पढ़ें: कौशांबी पटाखा गोदाम ब्लास्ट; मुख्य आरोपी मुठभेड़ में अरेस्ट, IG ने एक इंस्पेक्टर और 6 दारोगाओं को किया सस्पेंड
यह भी पढ़ें: कौशांबी के पटाखा गोदाम में ब्लास्ट; 11 लोगों की मौत, कई घायल
यह भी पढ़ें: कौशांबी पटाखा गोदाम विस्फोट; एक ही परिवार के 4 बच्चों की मौत से कोहराम, पिता ने अंतिम संस्कार से किया इंकार

