कटनी में रफ्तार ने निगली 4 जिंदगियां, पिकअप ने बाइक सवारों को कुचला, बच्ची की मौत
कटनी में तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, ढाई साल की बच्ची समेत 4 लोगों की हुई मौत, पिकअप छोड़कर चालक फरार.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 2, 2026 at 5:17 PM IST
कटनी: मध्य प्रदेश के कटनी में गुरुवार की देर रात रफ्तार का कहर देखने को मिला. इस भीषण हादसे में एक बच्ची समेत 4 लोगों की मौत हो गई है. यह सड़क हादसा रीठी थाना क्षेत्र में 31 दिसंबर की रात को हुआ है. यहां एक तेज रफ्तार बेकाबू पिकअप वाहन ने बाइक सवारों को सामने से टक्कर मारते हुए बुरी तरह से कुचल दिया है. टक्कर इतनी जोरदार थी कि 4 शव सड़क पर बिखर गए. इस हादसे में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई है. मरने वालों में एक ढाई साल की मासूम बच्ची भी शामिल है.
बाइक को पिकअप ने मारी टक्कर
सलैया चौकी के अंतर्गत कटनी-दमोह मार्ग पर हीरापुर और बड़गांव के बीच टमाटर लदे पिकअप वाहन (UP 70 PT 5556) ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 2 युवक और एक बच्ची की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक घायल युवक ने रीठी अस्पताल में दम तोड़ा. मृतकों की पहचान अन्नू बसोर (32) बगड़ौर निवासी, भारती (4) अन्नू की बेटी, विनोद बसोर (30) रैपुरा निवासी और प्रेमलाल बसोर (32) बघवार निवासी के रूप में हुई है. ये सभी लोग किसी कार्यक्रम से एक बाइक पर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ.
पिकअप छोड़कर भागा चालक
वहीं राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही सलैया चौकी प्रभारी विनोद पांडेय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. इसी बीच हादसे को अंजाम देकर पिकअप वाहन चालक सड़क पर वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया था. पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रीठी अस्पताल भिजवा दिया है और पिकअप को जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है.
- सिवनी में नए साल पर खत्म हुआ परिवार, ट्रक-बाइक की टक्कर में 2 मासूमों सहित 4 की मौत
- बस और बाइक में आमने-सामने टक्कर, डिलीवरी बॉय समेत इंजन में घुसी बाइक, युवक की दर्दनाक मौत
ड्राइवर की तलाश कर रही पुलिस
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने बताया, "रीठी थाना क्षेत्र अंतर्गत पिकअप और बाइक के टक्कर होने की सूचना प्राप्त हुई थी. जिस पर पुलिस बल मौके पर पहुंची और मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही जांच प्रारंभ कर दी गई है. यह भी बताया जा रहा है कि घटना को अंजाम देने के बाद पिकअप चालक हादसे के बाद ड्राइवर वाहन छोड़कर फरार हो गया."

रीठी थाना प्रभारी मोहम्मद शाहिद और सलैया चौकी प्रभारी विनोद पांडेय ने वाहन जब्त कर लिया है. मामला दर्ज कर पिकअप वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी गई है. वहीं पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे दिए गए हैं. जिनका परिजनों द्वारा विधिवत अंतिम संस्कार करवाया गया है.

