कटनी में दर्दनाक हादसा, स्कूल की दीवार गिरने से मासूम की मौत
कटनी में शासकीय स्कूल की दीवार गिरने से 5वीं कक्षा के छात्र की दर्दनाक मौत. एक साल पहले उठा था पिता का सिर से साया.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 18, 2026 at 9:22 PM IST
कटनी: कैमोर थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. बुधवार दोपहर बम्हनगवां शासकीय प्राथमिक शाला परिसर की जर्जर बाउंड्री वॉल अचानक भरभराकर गिर पड़ी, जिसकी चपेट में आने से 10 वर्षीय छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई. घटनास्थल पर समय से एंबुलेंस नहीं पहुंची, जिसके बाद आनन फानन में परिजन और स्थानीय लोग बच्चे को ऑटो से शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां डॉक्टर ने मासूम को मृत घोषित कर दिया.
मलबे में दबकर मासूम की मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना दोपहर करीब 12 बजे की है. रपटा स्थित एमपीईबी कार्यालय के पास रहने वाला राजकुमार रोज की तरह स्कूल आया था, वह स्कूल परिसर में बने शौचालय के समीप था. इस दौरान एक पुरानी और कमजोर बाउंड्री वॉल अचानक ढह गई. दीवार के मलबे में दबकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

घटना के बाद क्षेत्र में पसरा मातम
हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई. मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल एम्बुलेंस को सूचना दी, लेकिन समय पर वाहन नहीं पहुंचा. जिसके बाद आनन-फानन में परिजन और स्थानीय लोगों ने गंभीर हालत में बच्चे को ऑटो से शासकीय अस्पताल विजयराघवगढ़ लेकर पहुंचे, जहां उपचार शुरू होने से पहले ही मासूम ने दम तोड़ दिया. घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश और गम का माहौल है.
एक साल पहले पिता की हो चुकी है मौत
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाते हुए कहा कि स्कूल भवन और बाउंड्री वॉल की हालत लंबे समय से जर्जर थी, जिसकी शिकायत भी की गई थी लेकिन मरम्मत नहीं कराई गई. अब इस लापरवाही के चलते एक मासूम की जान चली गई. राजकुमार के सिर से पहले ही पिता का साया उठ चुका था. डेढ़ वर्ष पहले ही टीबी की बीमारी से उनके पिता का निधन हो गया था. मां घर-घर काम और शाम को फुल्की-चाट बेचकर किसी तरह बेटे का पालन-पोषण कर रही थी. इकलौते सहारे की दर्दनाक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना के बाद प्रशासन और शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
- खेतों में फैले मौत के तार, करंट से बाघ-तेंदुए ढेर, 10 साल के आंकड़ों ने उड़ाई सरकार की नींद
- 'सारे कुत्तों से मुझे ही निपटना पड़ता है', कैलाश विजयवर्गीय बोले-बीते एक साल में कुत्तों के काटने से किसी की मौत नहीं
इस मामले पर एडिशनल एसपी संतोष डेहरिया ने बताया, " यह घटना स्कूल में पुराने टायलेट के पास बनी कच्ची दीवार गिरने से घटित हुई है. इस मामले में पुलिस विभाग वैधानिक जांच कर रही है." वहीं स्थानीय लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजे देने की मांग कर रहे हैं.

