कवर्धा के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में अव्यवस्था, भोजन और स्वास्थ्य सुविधा को लेकर नाराजगी
सुविधाओं की कमी को लेकर हॉस्टल की छात्राओं ने कलेक्टर से भी शिकायत की है. छात्राओं के आरोप को अधीक्षिका ने गलत बताया है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 18, 2026 at 5:30 PM IST
कवर्धा: कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के तहत संचालित कवर्धा स्थित आवासीय छात्रावास में अव्यवस्थाओं को लेकर छात्राओं ने गंभीर शिकायत की है. छात्राओं ने कलेक्टर को लिखित आवेदन देकर अधीक्षिका और प्रबंधन के खिलाफ निष्पक्ष जांच की मांग की है.
भोजन की गुणवत्ता पर सवाल
छात्राओं का कहना है कि पिछले कुछ समय से उन्हें खराब और गुणवत्ताहीन भोजन दिया जा रहा है. बजट की कमी का हवाला देकर खाने में कटौती की जा रही है. बाजार से सड़ी-गली सब्जियां मंगाने का आरोप भी लगाया गया है. कुछ छात्राओं ने बताया कि कई बार उन्हें आधा पेट खाना पड़ता है, जिससे उनकी तबीयत खराब हो रही है. एक छात्रा के पिता भानुप्रताप चंद्राकर ने बताया कि बेटी की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें खुद अस्पताल ले जाकर इलाज कराना पड़ा.
सब्जी यहां 2-3 दिन पहले लाकर रखे होते हैं वो खराब हो जाती है उसे ही बनाकर खिलाते हैं, स्वास्थ्य सुविधा भी नहीं मिलती, कुछ होता है तो मैम बोलती है कि खुद अस्पताल जाओ- छात्रा
हम लोग को अच्छे से खाना-पीना नहीं मिलता, बजट का हवाला देते हैं. और कोई ज्यादा दिक्कत नहीं है लेकिन हमारी पुरानी मैम को वापस लाना चाहिए- छात्रा

मुफ्त सामग्री और सुरक्षा पर भी सवाल
छात्राओं का आरोप है कि छात्रावास में मिलने वाली निशुल्क सामग्री समय पर नहीं दी जा रही है. साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई गई है. छात्राओं ने यह भी कहा कि शिकायत करने पर अधीक्षिका नाराज हो जाती हैं और दबाव बनाया जाता है. एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पर मारपीट का आरोप लगाया गया है, जिससे छात्राओं में डर का माहौल है.
अधीक्षिका ने आरोपों को बताया निराधार
अधीक्षिका जगरानी खाखा ने सभी आरोपों को गलत बताया है. उनका कहना है कि वे हाल ही में यहां पदस्थ हुई हैं. छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने आने-जाने पर नियंत्रण लगाया है, जिसके कारण उनके खिलाफ साजिशन शिकायत की गई है.
पहले यहां बच्चे कहीं भी चले जाते थे उसे मैं सुधार करूंगी सोच के थोड़ा टोका-टोकी करती हूं वो बच्चों को बुरा लग रहा है. कोई यहां के कर्मचारी ही मिसगाइड कर रहे हैं, मैं अपना 100% दे रही हूं, हर दूसरे दिन खुद जाकर मंडी से सब्जी ला रही हूं- जगरानी खाखा, अधिक्षिका
जांच के निर्देश
जिला शिक्षा अधिकारी एफ.आर. वर्मा ने कहा कि शिकायत मिली है और मामले की जांच कराई जाएगी. यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

