ETV Bharat / state

कसोल गोलीकांड मामले में 5वां आरोपी भी गिरफ्तार, इटली से कुछ समय पहले आया था भारत

कसोल में पार्किंग विवाद को लेकर हुए गोलीकांड में चार आरोपियों को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था.

Kasol Shooting Case 5th Accused Arrested
कसोल गोलीकांड मामला (Kullu Police)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : June 1, 2026 at 5:30 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

कुल्लू: जिला कुल्लू की मणिकर्ण घाटी के कसोल में गोलीकांड मामले में फरार चल रहा पांचवां आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. इससे पहले पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था. पुलिस ने हथियार और गाड़ी को भी जब्त कर लिया है. दरअस्ल आरोपियों ने कसोल में पार्किंग विवाद को लेकर एक स्थानीय युवक पर गोली चला दी. कुल्लू पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है.

30 मई को हुई थी गोलीकांड की घटना

एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि कसोल स्थित होटल ग्रीन वैली में 30 मई को पंजाब से आए सैलानियों और स्थानीय लोगों में पार्किंग को लेकर विवाद हो गया. ये विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि पंजाब के युवक ने स्थानीय युवक की टांग पर गोली चला दी. घटना के तुरंत बाद पुलिस थाना मणिकर्ण ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में लिया था, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया. पुलिस टीमों ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना तंत्र का उपयोग करते हुए लगातार जगह-जगह दबिश दी.

दोबारा इटली लौटने की फिराक में था आरोपी

जिसके चलते पुलिस की टीम ने पांचवें आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की पहचान तमनप्रीत सिंह (उम्र 22 साल) निवासी बग्गा, जिला अमृतसर (पंजाब) के तौर पर हुई है. एसपी कुल्लू ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि आरोपी पिछले कुछ समय से इटली में रह रहा था और कुछ समय पहले ही भारत आया था. घटना के बाद आरोपी दोबारा इटली लौटने की तैयारी में था. आरोपी को पुलिस द्वारा 31 मई को बग्गा गांव से हिरासत में लेकर कुल्लू लाया गया. मामले में जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को पुलिस थाना मणिकर्ण में गिरफ्तार कर लिया गया है.

"कसोल में गोलीकांड के पांचवें आरोपी को पंजाब से गिरफ्तार कर लिया गया है. चार आरोपियों को पुलिस ने पहले ही मौके से गिरफ्तार कर लिया है. पार्किंग विवाद को लेकर आरोपी ने स्थानीय युवक की टांग में गोली मारी थी. घायल युवक का इलाज एम्स बिलासपुर में चल रहा है. मामले में नियमानुसार आगामी जांच एवं कानूनी कार्रवाई की जा रही है. जिला पुलिस कुल्लू कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के खिलाफ सख्त एवं निष्पक्ष कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है." - मदन लाल कौशल, एसपी कुल्लू

ये भी पढ़ें: खूनी जंग में बदला पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद, सैलानी ने स्थानीय युवक को मारी गोली

ये भी पढ़ें: ​नवोदय स्कूल के टीचर को 12 छात्राओं से छेड़छाड़ के मामले में 7 साल की सजा, कोर्ट ने जुर्माना भी ठोका