यूपी का एक लाख का इनामी गैंगस्टर काशीपुर में गिरफ्तार, अवैध हथियार भी बरामद
आरोपी पर हत्या और गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट समेत 45 से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज हैं. आरोपी यूपी पुलिस की वांछित सूची में शामिल था.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : July 8, 2026 at 8:30 PM IST
रुद्रपुर: उधम सिंह नगर पुलिस को ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी सफलता मिली है. काशीपुर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के एक लाख रुपये के इनामी और मोस्ट वांटेड गैंगस्टर योगेश मालिक उर्फ भदौरिया को गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं. आरोपी पर हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत 45 से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और उत्तराखंड में आने के उद्देश्य की भी जांच कर रही है.
पुलिस ने बताया कि आरोपी लंबे समय से उत्तर प्रदेश पुलिस की वांछित सूची में शामिल था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था. पुलिस के अनुसार डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि काशीपुर के चैती मेला रोड क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति घूम रहा है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और पुरानी चैती चौकी के पास स्थित एक खंडहर की घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में ले लिया.
तलाशी लेने पर उसके पास से अवैध तमंचा और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए. गहन पूछताछ और अन्य राज्यों की पुलिस से समन्वय करने पर आरोपी की पहचान योगेश मालिक उर्फ भदौरिया, निवासी ग्राम भदौड़ा, थाना रठौड़ा (मेरठ जनपद क्षेत्र), उत्तर प्रदेश के रूप में हुई.
जांच में सामने आया कि आरोपी उत्तर प्रदेश पुलिस का एक लाख रुपये का इनामी अपराधी है. उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में 45 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं. इनमें डेढ़ दर्जन से अधिक मामले हत्या और हत्या के प्रयास से जुड़े बताए गए हैं.
काशीपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है. साथ ही उत्तर प्रदेश पुलिस और संबंधित जनपदों को आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना भी भेजी जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी उत्तराखंड में किस उद्देश्य से आया था और क्या वह यहां किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में था.
गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश का मोस्ट वांटेड अपराधी है, जिसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं. आरोपी को आईटीआई थाना क्षेत्र काशीपुर से अवैध हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया है. उसकी गिरफ्तारी की सूचना उत्तर प्रदेश पुलिस को भेजी जा रही है और उससे गहन पूछताछ कर उसके आपराधिक नेटवर्क तथा अन्य संभावित गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है.
-अजय गणपति, एसएसपी, उधम सिंह नगर-
पढ़ें---

