कसौली में अपने भाई और भतीजी के साथ मिलकर आरोप पति ने की थी पत्नी की हत्या, बाद में तेजधार हथियार से वार
3 महीने पहले हुई थी चतर सिंह और सुमन की शादी. विवाह के बाद से लगातार चल रहा था विवाद.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 6, 2026 at 11:11 AM IST
सोलन: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के कसौली में पिछले दिनों दिल दहला देने वाली घटना पेश आई थी, जहां शादी के 3 महीने बाद ही पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी.कसौली के गांव शनोगी में पत्नी की हत्या करने के मामले में आरोपी पति चतर सिंह को गिरफ्तार किया गया था. इस हत्या मामले में अब एक नया मोड़ सामने आया है. पुलिस जांच में पता लगा है कि आरोपी पति ने अपने भाई और भतीजी के साथ मिलकर अपनी पत्नी सुमन की हत्या की और आत्महत्या करने का षड्यंत्र रचा था.
हत्या के बाद तेजधार हथियार से कई वार
मामले की जांच में जुटी कसौली पुलिस के अनुसार, इस मामले में जांच के दौरान पुलिस की टीम को पता लगा कि महिला की हत्या पहले गला दबाकर की गई थी, उसके बाद उसके गले और शरीर पर तेजधार हथियार से कई वार किए गए. जांच में पता चला है कि, चतर सिंह और मृत महिला सुमन का विवाह 23 नवंबर 2025 को हुआ था, लेकिन शादी के बाद से आए दिन उनके बीच विवाद चल रहा था. 31 जनवरी 2026 को भी किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हुआ, जिस कारण चतर सिंह अपना आपा खो बैठा और उसने सुमन का गला दबा दिया, जिसके चलते उसकी मृत्यु हो गई.

शादी के बाद से ही चल रहा था विवाद
जांच में जुटी कसौली पुलिस ने बताया कि, वारदात को अंजाम देने के बाद खुद को बचाने के लिए आरोपी पति चतर सिंह ने अपने भाई नरेंद्र सिंह और अपनी भतीजी के साथ मिलकर षड्यंत्र रचा और सुमन के गले पर कैंची से कई वार किए और खुद को भी माथे, गले आदि पर चाकू से खरोंच लगा दी. साथ ही अपनी भतीजी के गाल पर भी उसी ने चाकू से कट मारा. उसके बाद उसने सुमन के मायके वालों को फोन कर बताया कि सुमन ने उन लोगों पर चाकू से हमला किया है और अपने आप को उसने मेन दरवाजे में अंदर से कुंडी लगाकर बंद कर दिया है.
घटना की सूचना मिलते ही मृत महिला सुमन के परिजन मौके पर पहुंचे कहा कि वे दरवाजा तोड़कर उनकी बेटी बचा लें. सुमन के मायके वालों का कहना है कि आरोपियों ने वहां पर दरवाजा तोड़ने का झूठा ढोंग किया, ताकि उन पर किसी भी तरह का कोई शक न हो. जबकि, यह सोची समझी साजिश थी.
वारदात के बाद सबूत मिटाने की कोशिश
एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि, "पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि तीनों आरोपियों ने झूठी कहानी गढ़ी की सुमन ने आत्महत्या की है, जबकि जांच के दौरान पाया गया कि तीनों ने मिलकर षड्यंत्र के तहत उसकी हत्या की है. वारदात के बाद सबूत मिटाने की कोशिश की. जांच में यह भी पता लगा है कि अस्पताल में जब चतर सिंह और निकिता का परीक्षण करवाया गया तो तो डॉक्टर ने बताया कि आरोपियों द्वारा सेल्फ इंजरी की गई है. पुलिस थाना कसौली की टीम ने मामले में दो और आरोपी नरेंद्र सिंह निवासी गांव शनोगी और निकिता निवासी गांव शनोगी को गिरफ्तार किया है. आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जा रहा है. साथ ही उनके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है."
ये भी पढ़े: हिमाचल में कहीं चाकूबाजी, तो कहीं सैलानियों का हुड़दंग, लोगों में दहशत
ये भी पढ़ें: नेपाल के रास्ते भारत में दाखिल हुई उज्बेकिस्तान की महिला, दिल्ली में बनवाया फर्जी आधार, हिमाचल में खुला पूरा मामला

