करनाल में घर के बाहर बैठे युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, इलाज के दौरान मौत, जांच में जुटी पुलिस
करनाल रामनगर में युवक अंकुश पर चाकू से कुछ बदमाशों ने हमला कर दिया. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

Published : February 28, 2026 at 3:16 PM IST
करनाल: जिले के रामनगर इलाके में कल देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब घर के बाहर बैठे 22 वर्षीय युवक अंकुश पर बाइक सवार युवकों ने अचानक हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल युवक को पहले करनाल के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक देख उसे PGIMER चंडीगढ़ रेफर किया गया. हालांकि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया.
घर के बाहर बैठा था अंकुश: अंकुश के परिजनों की मानें तो अंकुश अपने घर के बाहर बैठा था, तभी हमलावर बाइक पर आए और बिना किसी बहस के उस पर चाकू से कई वार कर दिए. हमले के दौरान उसे संभलने का मौका भी नहीं मिला और वो घायल होकर गिर पड़ा.
परिजनों का आरोप: मृतक के भाई रोहित ने कहा कि, "आरोपियों के साथ अंकुश का पहले भी झगड़ा हो चुका था. उस समय समझौता हो गया था, लेकिन पुरानी रंजिश खत्म नहीं हुई थी. इसी कारण उसने इस बार घातक हमला किया."
पुलिस की कार्रवाई : इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस पूरे मामले में थाना प्रभारी महावीर ने बताया कि, "आरोपियों की पहचान कर ली गई है. उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.घटना से जुड़ा एक वीडियो भी पुलिस के हाथ लगा है, जिसकी जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा. पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द कानून के कटघरे में लाया जा सके."
ये भी पढ़ें:मौत हो तो ऐसी... रूपनगर के दविंदर ने मरने के बाद 6 लोगों को दी नई जिंदगी

